
Air India Travel Advisory: मुंबई में भारी बारिश के मद्देनजर एयर इंडिया ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने कहा है कि खराब मौसम के कारण मुंबई से आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जांचने और समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की गई है। साथ ही एयर इंडिया ने बताया कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। साथ ही, मुंबई एयरपोर्ट पर मौजूद ग्राउंड टीम यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। एयरलाइन ने यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की भी अपील की है।
मुंबई में हो रही भारी बारिश का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। लो विजिबिलिटी के कारण सेंट्रल रेलवे की ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) ने बताया कि नेटवर्क के कई हिस्सों में लो विजिबिलिटी कम होने के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। हार्बर लाइन और मेन लाइन की ट्रेनें करीब 5 से 10 मिनट की देरी से चल रही हैं। लगातार हो रही बारिश के बीच मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पर भी रेल पटरियों पर पानी भर गया है।
भारी बारिश की वजह से मुंबई के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। इसके चलते यातायात प्रभावित हुआ और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। अंधेरी, कुर्ला ईस्ट, एसजी बर्वे रोड, सिंधी सोसाइटी, चेंबूर, किंग्स सर्कल और गांधी मार्केट समेत कई इलाकों की सड़कों पर जलभराव देखा गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।