यूक्रेन से 219 यात्रियों को लेकर पहुंची पहली निकासी उड़ान महाराष्ट्र के मुंबई में उतरी है। विमान ने आज दोपहर रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से उड़ान भरी थी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल यूक्रेन से सुरक्षित निकाले गए भारतीय नागरिकों का मुंबई हवाई अड्डे पर स्वागत किया।
यूक्रेन से 219 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंच चुका है। इन भारतीयों को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से लाया गया है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया का ये विमान शाम 7:50 बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा जिसमे 219 भारतीय मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल इनकी अगवानी करने एयरपोर्ट पहुंचे हैं।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पहुंचे एयरपोर्ट:
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल यूक्रेन से सुरक्षित निकाले गए भारतीय नागरिकों का मुंबई हवाई अड्डे पर स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सभी भारतीयों से विमान के अंदर मुलाकात की और एयर इंडिया के सभी क्रू मेंबर्स की तारीफ की।
बीएमसी देगी मुफ्त सेवाएं:
मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने आज बताया था कि यूक्रेन से आने वाले सभी भारतीयों को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से मुफ्त सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि, हम छात्रों को मुफ्त कोविड जांच, टीके, भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।
यह भी पढ़ें-Russia Ukraine Crisis: रूस के खिलाफ प्रस्ताव पर UNSC में भारत ने खुद को अलग रखा, जानिए क्यों
झारखंड ने छात्रों के लिए बनाया कंट्रोल रूम:
झारखंड सरकार ने यूक्रेन में फंसे प्रदेश के छात्रों के लिए एक कंट्रोल रूम की स्थापना की है। कंट्रोल रूम के प्रमुख जॉनसन टोपनो ने कहा कि अभी तक हमने यूक्रेन में झारखंड के 60 से अधिक छात्रों का पता लगाया है। राज्य सरकार उनके यात्रा खर्च उठाएगी।
यूएनएससी में भारत की स्थिति को रूसी दूतावास ने सराहा:
भारत में रूस के दूतावास ने कहा है कि हम 25 फरवरी को यूएनएससी में हुए मतदान के दौरान भारत की स्वतंत्र और संतुलित स्थिति की सराहना करते हैं। विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी की भावना के साथ रूस यूक्रेन के आसपास की स्थिति पर भारत के साथ घनिष्ठ संवाद बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें-Melitopol पर रूस के दावे के बाद बोला यूक्रेन- हम जीत रहे हैं जंग