राष्ट्रीय

जिस कंपनी के प्लेन में गई अजित पवार की जान उसी के हेलीकॉप्टर में बेटे पार्थ पवार ने किया सफर, बताया यह कारण

पार्थ पवार ने VSR एविएशन फ्लाइट में सफर करने को लेकर सफाई देते हुए इसे स्टाफ की गलती बताया है। पार्थ ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि उन्हें एयरपोर्ट पहुंचने तक इसकी जानकारी नहीं थी।

2 min read
Apr 29, 2026
अजीत पवार पार्थ पवार (फाइल फोटो)

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री के बेटे पार्थ पवार (Parth Pawar) हाल ही में एक नए विवाद में घिर गए हैं। यह विवाद उस समय सामने आया जब उन्होंने VSR एविएशन के हेलीकॉप्टर में सफर किया। बता दें कि यह वही कंपनी है जिसके प्लेन में सफर करते हुए अजीत पवार की मौत हुई थी। पार्थ के इस कंपनी का कड़ा विरोध करने के बाद उसी के हेलीकॉप्टर में सफर करने करने के चलते एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था जिस पर आखिरकार पार्थ ने चुप्पी तोड़ दी है। पार्थ ने इस मामले पर सफाई देते हुए इसे अंतिम समय में हुई प्रशासनिक गलती बताया है।

ये भी पढ़ें

प्लेन क्रैश के 2 महीने बाद उठा बड़ा सवाल, अजित पवार मामले में परिवार ने मांगा जवाब

पार्थ ने कहा मुझे एयरपोर्ट पहुंचने तक कोई जानकारी नहीं थी

पार्थ पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए कहा कि उन्हें पुणे के मोदी बाग में एक जरूरी बैठक के लिए तत्काल यात्रा करनी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फ्लाइट बुकिंग उनके स्टाफ द्वारा जल्दबाजी में की गई थी और उन्हें एयरपोर्ट पहुंचने तक यह जानकारी नहीं थी कि विमान VSR एविएशन का है। उन्होंने कहा, यह केवल प्रशासनिक स्तर की गलती थी। मुझे एयरपोर्ट पहुंचने तक कोई जानकारी नहीं थी। मैंने अपने स्टाफ को सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी गलती न हो।

इसी कंपनी के प्लेन में गई थी पिता की जान

यह विवाद इसलिए ज्यादा गंभीर हो गया क्योंकि इसी कंपनी के विमान हादसे में उनके पिता अजीत पवार की मृत्यु हुई थी। 28 जनवरी 2026 को बारामती एयरपोर्ट पर VSR एविएशन का लियरजेट 45 विमान क्रैश हो गया था, जिसमें पांच लोगों की जान गई थी। उस समय अजित पवार जिला पंचायत चुनाव प्रचार के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। इस दुखद घटना के बाद पार्थ पवार ने कंपनी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया था।

पार्थ ने VSR एविएशन को लेकर स्टैंड साफ किया

विवाद सामने आते ही विपक्षी दलों और सोशल मीडिया पर आलोचना शुरू हो गई। कई लोगों ने इसे उनके रुख में बदलाव के रूप में देखा। हालांकि पार्थ पवार ने इस धारणा को खारिज करते हुए कहा कि उनका राजनीतिक और व्यक्तिगत स्टैंड VSR एविएशन के खिलाफ स्पष्ट और अपरिवर्तित है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि उनके कार्यालय ने संबंधित ट्रैवल एजेंट के साथ सभी समझौते तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए हैं।

मुद्दे का राजनीतिक फायदा उठाना गलत- पार्थ

पार्थ पवार ने आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मुद्दे को बेवजह तूल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, इस घटना को राजनीतिक फायदा उठाने के लिए इस्तेमाल करना गलत है। यह विवाद पूरी तरह बेबुनियाद, भ्रामक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे तथ्यों को देखें और इसे उनकी सोच में बदलाव के रूप में पेश न करें।

Published on:
29 Apr 2026 08:17 am
Also Read
View All