राष्ट्रीय

‘कल पेड़ था, आज मैनहोल है’, मुंबई में दो मौतों पर विधानसभा में मुस्कुराते दिखे BJP विधायक, वीडियो से मचा सियासी बवाल

Maharashtra Assembly Viral Video: मुंबई में बारिश के दौरान हुई दो मौतों के बाद भाजपा विधायक अमित सतम का एक वीडियो वायरल हो गया। विधानसभा में मुस्कुराते दिखने पर विपक्ष ने उन पर सवाल उठाए।
2 min read
Jul 03, 2026
Amit Satam Viral Video
मुस्कुराते हुए अमित सतम (Photo-X)

Amit Satam Viral Video: मुंबई में भारी बारिश के दौरान हुई दो मौतों के बाद एक वीडियो को लेकर सियासत गरमा गई है। महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मुंबई भाजपा अध्यक्ष और विधायक अमित सतम मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। विपक्ष का दावा है कि उस समय सदन में बारिश के कारण हुई मौतों और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा चल रही थी। उसी चर्चा के बीच विधायक कल पेड़ था, आज मैनहोल है कहते हुए हंस रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने अमित सतम पर निशाना साधते हुए उनके व्यवहार को असंवेदनशील बताया और इस मुद्दे पर बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है।

वायरल वीडियो पर विपक्ष ने उठाए सवाल

विधानसभा का यह वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने अमित सतम को लेकर बीजेपी पर हमला बोल दिया। विपक्ष का कहना है कि जब सदन में बारिश के कारण हुई मौतों और लोगों की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हो रही थी, तब अमित सतम का मुस्कुराना ठीक नहीं था। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं और कई यूजर्स ने उनके इस व्यवहार की आलोचना की। हालांकि, इस पूरे विवाद पर अमित सतम की तरफ से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।

चेंबूर में पेड़ गिरने से 11 साल के बच्चे की गई जान

आपको बता दें कि मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच चेंबूर इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश और हवा के कारण एक बड़ा पेड़ स्कूल बस पर गिर गया। इस हादसे में बस में सवार 11 साल के एक बच्चे की मौत हो गई और कुछ अन्य लोग भी घायल हुए। घटना के बाद लोगों ने सवाल उठाए कि मानसून से पहले कमजोर और पुराने पेड़ों की जांच क्यों नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते जरूरी कदम उठाए जाते तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

साकीनाका में खुले मैनहोल में गिरने से बुजुर्ग की मौत

मुंबई के साकीनाका इलाके में भी बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। खैरानी रोड पर 60 साल के असलम इसाक शेख खुले मैनहोल में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वहां नाले की सफाई का काम चल रहा था और मैनहोल खुला छोड़ दिया गया था। भारी बारिश और जलभराव की वजह से मैनहोल दिखाई नहीं दिया। आरोप है कि मौके पर न तो ठीक से बैरिकेड लगाए गए थे और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था।

हादसे के बाद बीएमसी ने की कार्रवाई

साकीनाका हादसे के बाद बीएमसी ने मामले में सख्त कदम उठाते हुए चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही नाले की सफाई का काम करने वाले ठेकेदार के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी गई है। बीएमसी यह पता लगा रही है कि काम के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
03 Jul 2026 03:17 pm
Published on:
03 Jul 2026 03:17 pm