
अनुकृति विद्यार्थी (Photo- Instagram@anukritividhyarthi)
Wipro Layoff: दिल्ली स्थित विप्रो की एक कर्मचारी का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह कंपनी से निकाले जाने पर अपना दुख व्यक्त कर रही हैं। वीडियो में अअनुकृति विद्यार्थी ने बताया कि वह पिछले साढ़े पांच साल से विप्रो कंपनी में काम कर रही थी और अब उन्हें निकाल दिया गया है। इस बारे में बताते हुए अनुकृति भावुक होती हुई दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को खुदसे जोड़कर देख रहे हैं। उन्होंने वीडियो में बताया कि उन्हें यह जानकारी एक मीटिंग में बुलाकर दी गई थी, जबकि वह उस मीटिंग को नॉर्मल मीटिंग ही समझकर गई थी और उन्हें इस तरह की खबर का अंदाजा नहीं था।
वीडियो में अनुकृति ने कहा कि 29 जून को उनकी मीटिंग उनके एचआर से हुई, जिसमें उन्हें बोला गया कि उनका रोल अब जरूरी नहीं रहा और उन्हें कंपनी ने निकाल दिया है। उन्होंने कहा कि नौकरी जाने के बाद सबसे बड़ा सवाल उनके भविष्य को लेकर है। उन्हें नहीं पता कि अब दोबारा किसी कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी मिलेगी या फिर वह अपना खुद का कोई काम शुरू करेंगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि जिंदगी में ऐसा भी समय आएगा, जब उन्हें अचानक सब कुछ नए सिरे से शुरू करने के बारे में सोचना पड़ेगा। आगे उन्होंने कहा कि अब हर महीने मिलने वाली तय सैलरी बंद हो जाएगी। आगे चलकर कमाई कम होगी या ज्यादा, इसका उन्हें कोई अंदाजा नहीं है।
नौकरी जाने का दुख अनुकृति के चेहरे और बातों में साफ नजर आया, लेकिन फिर भी उनकी बातों में सकारात्मकता दिखी। वीडियो में उन्होंने कहा कि शायद भगवान यही चाहते थे, क्योंकि उन्हें नहीं लगता कि वह अपनी मर्जी से कभी यह नौकरी छोड़तीं। उन्होंने हंसते हुए कहा कि शायद भगवान ने ही उनसे कहा, "निकलो भाई, अब यहां बहुत हो गया।" अनुकृति का मानना है कि हो सकता है इस मुश्किल के पीछे भी कोई अच्छी वजह छिपी हो और आगे उनके लिए कुछ बेहतर इंतजार कर रहा हो।
अनुकृति का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने खुलकर उनका साथ दिया। कई यूजर्स ने कमेंट कर बताया कि वे भी कभी नौकरी जाने जैसी मुश्किल स्थिति से गुजर चुके हैं, लेकिन बाद में उन्हें नई नौकरी मिल गई या उन्होंने अपने लिए नया रास्ता चुन लिया। वहीं, कई लोगों ने अनुकृति से हिम्मत बनाए रखने की बात कही और भरोसा जताया कि यह मुश्किल समय भी गुजर जाएगा और उनके लिए आगे बेहतर मौके जरूर आएंगे।
Updated on:
02 Jul 2026 02:17 pm
Published on:
02 Jul 2026 02:17 pm
