राष्ट्रीय

अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर को मिलेगी रफ्तार, मोरबी में 24.51 KM सिक्स लेन हाईवे को मंजूरी, 1182.40 करोड़ होंगे खर्च

Amritsar-Jamnagar Economic Corridor: अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर को गति देने के लिए गुजरात के मोरबी में राष्ट्रीय राजमार्ग-151ए के 24.51 किलोमीटर लंबे हिस्से को छह लेन बनाने की मंजूरी मिली है। इस परियोजना पर 1,182.40 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 6:15 PM IST
Morbi Six Lane Highway
प्रतीकात्मक तस्वीर

Morbi Six Lane Highway: गुजरात के मोरबी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-151ए के मालिया-पीपलिया खंड को छह लेन बनाने की मंजूरी मिली है। इस परियोजना पर 1182.40 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत आने वाले 24.51 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ा होने से औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों के साथ नवलखी बंदरगाह तक माल परिवहन आसान होगा।

फिलहाल यह मार्ग दो लेन का

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस परियोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह मार्ग दो लेन का है और इस पर वाहनों का दबाव काफी अधिक रहता है। इसके कारण कई बार यातायात प्रभावित होता है। छह लेन निर्माण के बाद इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

फ्लाईओवर और दो रेलवे ओवरब्रिज बनेंगे

परियोजना के तहत सड़क का विस्तार करने के साथ कई अन्य निर्माण कार्य भी किए जाएंगे। इसमें बाइपास सड़क, कंक्रीट सर्विस रोड, एक फ्लाईओवर, तीन वाहन अंडरपास (वीयूपी) और दो रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाए जाएंगे। इन निर्माण कार्यों से स्थानीय यातायात और लंबी दूरी के वाहनों की आवाजाही को अलग-अलग रास्ते मिल सकेंगे। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

नवलखी बंदरगाह तक माल पहुंचाना होगा आसान

राष्ट्रीय राजमार्ग-151ए अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर और नवलखी बंदरगाह के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके छह लेन होने से मोरबी जिले के पश्चिमी औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों की कनक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही ध्रोल, आमरण और मालिया क्षेत्र के लोगों तथा कारोबारियों को भी फायदा मिलेगा। नवलखी बंदरगाह से माल की आवाजाही अधिक सुगम होने से परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को भी लाभ मिलने की संभावना है।

जाम से राहत मिलने की उम्मीद

मोरबी, जामनगर और राजकोट के व्यापारिक एवं औद्योगिक कारोबार को इस परियोजना से गति मिलेगी। विशेष रूप से पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल उत्पादों को दो रिफाइनरियों से उत्तरी राज्यों तक पहुंचाने में यह मार्ग उपयोगी साबित होगा। परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग पर यात्रा का समय घटने, वाहनों के संचालन खर्च में कमी आने और यातायात जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और माल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

Updated on:
13 Nov 2026, 6:15 PM IST
Published on: