
Bihar ASI Death: (Photo/ANI-X@Mukesh_Journo)
मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में फरार सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) का खेत में सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला के घर में घुसने के बाद ग्रामीणों से घिरे एएसआई चंद्र मोहन सिंह ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से चार ग्रामीणों पर गोलियां चलाई थीं। इस घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे। वारदात के बाद से फरार एएसआई की तलाश में पुलिस जुटी थीं। गुरुवार रात उसी इलाके के एक खेत में उसका सड़ा-गला शव मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरा पहचानना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान शव के पास एक नीला बैग मिला। इसमें कपड़े, लैपटॉप, कीबोर्ड, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज रखे थे। मधुबनी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) योगेंद्र कुमार ने पुष्टि की कि शव फरार एएसआई चंद्र मोहन सिंह का ही है।
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पलटने पर उसके नीचे एएसआई की सर्विस पिस्टल मिली। आशंका है कि 2 नवंबर को ग्रामीणों पर फायरिंग में इसी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था। एफएसएल टीम ने मौके से सर्विस पिस्टल समेत जरूरी नमूने और साक्ष्य जुटाकर जब्त कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि शव की पहचान को लेकर कोई संदेह नहीं है। बरामद सामान और दस्तावेज इसकी पुष्टि करते हैं। हालांकि, पुलिस अभी एएसआई की मौत की वजह को लेकर किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शुक्रवार को शव का पंचनामा कराया है। पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड बनाया गया है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, चंद्र मोहन सिंह मधुबनी के एक गांव में पुलिस पिकेट पर तैनात था। 2 नवंबर की रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक पुलिसकर्मी गांव में एक घर के अंदर ग्रामीणों के कब्जे में है। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि एएसआई एक महिला के घर में घुसा था। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर रोक लिया। बताया गया कि जब उसने खिड़की से भागने की कोशिश की तो बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान उसने अपनी सर्विस पिस्टल से चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। इसमें चार लोग घायल हुए। घायलों में 50 वर्षीय व्यक्ति ने बाद में दम तोड़ दिया।
मामले में मृतक ग्रामीण की पत्नी ने 4 नवंबर को दूसरी एफआईआर दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि वह शौचालय जाने के लिए घर से बाहर निकली थी, इसी दौरान उसने एक व्यक्ति को पड़ोस के घर में घुसते देखा। उसने अपने पति को इसकी जानकारी दी और दोनों मौके पर पहुंचे। महिला के अनुसार, उन्होंने एएसआई को घर के अंदर पाया। इसके बाद शोर मचाकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। कुछ ही देर में अन्य ग्रामीण भी वहां जमा हो गए। आरोप है कि एएसआई ने ग्रामीणों पर गोलियां चलाईं और खिड़की से भाग निकला।
दूसरी एफआईआर में पीड़ित महिला के हवाले से यह भी आरोप लगाया गया कि एएसआई ने बंदूक की नोक पर उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी। यह आरोप पुलिस की शुरुआती उस आशंका से अलग था, जिसमें महिला के साथ एएसआई के कथित अवैध संबंधों की बात सामने आई थी।
फायरिंग की घटना के बाद चंद्र मोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। महिला की शिकायत के बाद यौन उत्पीड़न और हमले से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गईं।
फरार एएसआई की तलाश के लिए पुलिस ने 12 विशेष टीमें गठित की थीं। ये टीमें जिले के बाहर, बिहार के दूसरे इलाकों और नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही थीं। उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए एसएसपी ने 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
बाद में इसे बढ़ाकर 3 लाख रुपए करने का प्रस्ताव भेजा गया था। हालांकि, इनाम बढ़ाने की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही उसका शव बरामद हो गया। नौ दिन तक चली तलाश के बाद पुलिस को एएसआई तो मिल गया, लेकिन उसकी मौत कैसे हुई, यह अब भी जांच का विषय बना हुआ है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
13 Nov 2026, 5:34 PM IST
Published on:
13 Nov 2026, 5:34 PM IST
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




