
Anand Mohan News: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पूर्व सांसद आनंद मोहन ने सरेंडर करने से पहले पूरे बिहार का दौरा करने का ऐलान किया है। उनकी इस यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के क्षेत्र तारापुर से होगी। उन्होंने कहा कि सरेंडर करने से पहले वह पूरे बिहार और देश को बताएंगे कि आखिर उन्हें किस गुनाह की सजा दी जा रही है। पटना में समर्थकों के साथ हुई बैठक में आनंद मोहन ने कहा कि वह डरने या झुकने वाले नहीं हैं।
पटना में शनिवार को राजपूत नेताओं के महाजूटान के दौरान समर्थकों के साथ आनंद मोहन ने अपनी आगे की रणनीति बताई। उन्होंने कहा कि जेल जाने से पहले वह बिहार के अलग-अलग इलाकों में हुंकार भरेंगे। इस यात्रा की शुरुआत तारापुर से होगी। तारापुर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का विधानसभा क्षेत्र है। हालांकि, उन्होंने अभी पूरे दौरे का कार्यक्रम नहीं बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें एक महीने का समय मिला है और इस दौरान वह अपनी बात पूरे बिहार और देश के सामने रखेंगे।
आनंद मोहन ने कहा कि जिस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया है, उसे उनका परिवार और समर्थक पिछले 32 साल से झेल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वह निर्दोष हैं और उनके परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है। महाजूटान में उन्होंने यह भी कहा कि घटना के समय वह और उनकी पत्नी लवली आनंद मौके पर मौजूद ही नहीं थे। उन्होंने कहा कि चाहे तो 5 दिसंबर 1994 को हुई घटना से जुड़े मुजफ्फरपुर के गांव में जाकर लोगों से बात करें। उनके मुताबिक, वहां के लोग भी उनकी बेगुनाही की बात बताएंगे।
आनंद मोहन की पत्नी और शिवहर से सांसद लवली आनंद ने भी आंदोलन की बात कही है। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश आंदोलन कर रहा है तो उनके समर्थक भी शांत नहीं बैठेंगे। वहीं, उनके बेटे चेतन आनंद ने पटना में समर्थकों की बैठक बुलाई थी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई रद्द कर दी है और उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है।