
Andhra Pradesh Politics: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के बीच पंचायत चुनाव को लेकर सहमति नहीं बन रही है। पंचायत चुनाव को लेकर दोनों नेताओं के अलग-अलग रुख सामने आ रहे हैं। दरअसल, आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और जन सेना की संयुक्त सरकार है।
ऐसे में नायडू चाहते हैं कि गांवों में सरपंच और वार्ड सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हो, ताकि राजनीतिक मुकाबले के बजाय विकास पर ध्यान दिया जा सके। वहीं, उपमुख्यमंत्री और जन सेना प्रमुख पवन कल्याण ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने की छूट दे दी है। दोनों नेताओं के अलग फैसलों ने गठबंधन के भीतर की स्थिति को चर्चा में ला दिया है।
TDP अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के साथ टेली कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने NDA के कार्यकर्ताओं से ग्राम पंचायतों में निर्विरोध चुनाव को बढ़ावा देने की अपील की। नायडू ने कहा कि राजनीतिक मुकाबला खत्म हो चुका है। अब पंचायत चुनाव का मकसद गांवों का विकास होना चाहिए। ऐसे में नेताओं की निजी महत्वाकांक्षा और आपसी गुटबाजी से संगठन को नुकसान नहीं पहुंचाने की भी हिदायत दी।
सरकार ने निर्विरोध चुनी जाने वाली ग्राम पंचायतों के लिए आर्थिक प्रोत्साहन राशि बढ़ाई है। 5 हजार तक आबादी वाली पंचायत को 15 लाख रुपए, 5,001 से 10 हजार आबादी वाली पंचायत को 25 लाख रुपए और 10 हजार से अधिक आबादी वाली पंचायत को 50 लाख रुपए दिए जाएंगे। यह राशि तभी मिलेगी, जब सरपंच और सभी वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने जाएंगे।
दूसरी ओर, पवन कल्याण ने स्पष्ट किया है कि जन सेना के जो नेता और कार्यकर्ता ग्राम पंचायत चुनाव लड़ना चाहते हैं, उन्हें पार्टी की ओर से नहीं रोका जाएगा। उन्होंने सीटों के बंटवारे की व्यवस्था से भी इनकार किया है। इसके साथ ही चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की मदद के लिए पार्टी ने विशेष हेल्प डेस्क भी बनाई है।
कडप्पा जिले के नागुलागुट्टापल्ली में विवाद के दौरान जन सेना कार्यकर्ता मुन्ताला रामजुलु की मौत के बाद दोनों सहयोगी दलों के बीच स्थिति और संवेदनशील हो गई है। जन सेना के प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में पुलिवेंदुला के TDP प्रभारी बीटेक रवि और TDP नेता महेश्वर रेड्डी पर आरोप लगाए हैं। पवन कल्याण ने निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं और मृतक कार्यकर्ता के परिवार को मदद का भरोसा दिलाया है।