राष्ट्रीय

अंकित बालियान हत्याकांड: संजीव बालियान बोले-सिद्धू मूसेवाला केस जैसी हो कार्रवाई, मां ने की एनकाउंटर की मांग

Ankit Balian Murder Case: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान उनके घर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सिद्धू मूसेवाला केस जैसी सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, अंकित की मां ने हत्या में शामिल आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है।
2 min read
Aug 27, 2026
Sanjeev Balyan on Ankit Balian
अंकित बालियान हत्याकांड: (Photo-X/@Munnamadhav33 And IANS)

Ankit Balian Murder Case: शामली। हरियाणवी गायक एवं कलाकार अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके परिवार से मिलने गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और पुलिस-प्रशासन से हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संजीव बालियान ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही हुई तो प्रशासन को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ सकता है।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण

संजीव बालियान ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि अंकित बालियान बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार थे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा में अपनी प्रतिभा के कारण काफी लोकप्रिय थे। शहर के बीच शाम के समय इस तरह उनकी निर्मम हत्या होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद मौके पर पुलिस-प्रशासन से जुड़ा कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं पहुंचा। ऐसी स्थिति में लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

हरियाणा सीएम से करेंगे बात

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उनके मित्र हैं। वह उनसे इस मामले में बात करेंगे। साथ ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन से भी बातचीत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि जिसने भी इस वारदात को अंजाम दिया है, उसे चिन्हित कर कठोर सजा दिलाई जानी चाहिए। प्रदेश में इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

सिद्धू मूसेवाला केस जैसी हो कार्रवाई

संजीव बालियान ने कहा कि हत्याकांड में ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे आम लोगों के बीच स्पष्ट संदेश जाए कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में कार्रवाई हुई थी, उसी तरह इस मामले में भी सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। हालांकि, उन्होंने हत्या के पीछे की वजह को लेकर किसी तरह की अटकल लगाने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि वारदात की वजह और इसमें कौन लोग शामिल हैं, यह पुलिस जांच का विषय है। जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

पिता बोले- गोगा गैंग की जिम्मेदारी का दावा बकवास

अंकित बालियान के पिता ने बेटे की हत्या पर कहा कि अभी तक पुलिस की ओर से उन्हें कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई है। इस बीच गोगा गैंग की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने की खबरों पर उन्होंने कहा कि इन बातों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा कोई अपराधी नहीं था, वह कलाकार था। पिता ने कहा कि यदि पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो उनका कानून-व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा। उनके मुताबिक, पुलिस अधीक्षक ने जांच के लिए चार दिन का समय मांगा था, लेकिन परिवार ने पांच दिन का समय दे दिया। इसके बावजूद अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।

मां ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की

अंकित की मां ने बेटे की हत्या में शामिल आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग की है। इस पर उनके पिता ने भी कहा कि परिवार चाहता है कि वारदात में शामिल आरोपियों के खिलाफ बेहद कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों पर जल्द और सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार का कानून-व्यवस्था पर भरोसा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

Updated on:
27 Aug 2026 02:22 pm
Published on:
27 Aug 2026 02:21 pm