राष्ट्रीय

‘जल्द ही बड़ा सरप्राइज’, अंकित बालियान के परिवार को मिली धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

Ankit Baliyan Family Threat: हरियाणवी गायक अंकित बलियान की हत्या के बाद उनके परिवार को इंस्टाग्राम पर धमकी मिली है। पोस्ट में 48 घंटे में बड़ी घटना की चेतावनी दी गई। पुलिस ने परिवार की सुरक्षा बढ़ाकर जांच शुरू कर दी है। शक फरार शार्प शूटर सत्याम कड़ियान के नाम से चल रहे अकाउंट्स पर है।
3 min read
Sep 06, 2026
Haryanvi Singer-Actor Ankit Baliyan Murder
अंकित बाल्यान के परिवार को मिली धमकी (फोटो सोर्स- IMDb)

Ankit Baliyan Murder Case: हरियाणवी गायक अंकित बलियान की हत्या के बाद उनके परिवार को धमकी मिली है। इंस्टाग्राम पर सामने आए धमकी भरे पोस्ट के बाद बलियान के परिवार में एक बार फिर डर का माहौल है। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है।

पुलिस ने क्या कहा? 

इस मामले में पुलिस की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। पुलिस ने कहा कि इंस्टाग्राम पर कुछ ऐसे पोस्ट किए गए हैं, जिनमें परिवार को धमकी देने के साथ-साथ जल्द किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की बात कही गई है। 

पुलिस के मुताबिक, एक पोस्ट में लिखा गया, “दो दिन, 48 घंटे... जल्द बड़ा सरप्राइज।” वहीं दूसरे पोस्ट में धमकी दी गई, “यह तो सिर्फ शुरुआत है। धमाके अभी बाकी हैं... अगर धमाके देखना चाहते हैं तो हमसे जुड़े रहें।”

बताया जा रहा है कि ये धमकी भरे पोस्ट उन इंस्टाग्राम अकाउंट्स से किए गए हैं, जिन पर वांछित शार्प शूटर सत्याम कड़ियान का नाम और फोटो लगी हुई है। 

मामले की जांच में जुटी पुलिस

धमकी वाली पोस्ट आने के बाद पुलिस यह जांच कर रही है कि इन अकाउंट्स को खुद कड़ियान चला रहा है या फिर कोई दूसरा व्यक्ति उसकी पहचान का इस्तेमाल कर परिवार को धमका रहा है और फरार आरोपी की लोकेशन को लेकर भ्रम पैदा कर रहा है।

अकाउंट पर पोस्ट किए धमकी भरे पोस्ट

इन सोशल मीडिया अकाउंट्स पर धमकी भरे संदेश भी पोस्ट किए गए हैं। पुलिस इन पोस्ट के स्रोत, अकाउंट संचालकों और उनसे जुड़े डिजिटल फुटप्रिंट की जांच कर रही है।

इस मामले में शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बलियान परिवार की सुरक्षा के लिए चार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही निगरानी भी बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि धमकी भरे पोस्ट खुद सत्याम कड़ियान ने किए हैं या उसके नाम पर किसी ने फर्जी अकाउंट बनाकर इन्हें पोस्ट किया है।

जिम के बाहर अंकित बलियान की हुई थी हत्या

बता दें कि 32 वर्षीय हरियाणवी गायक अंकित बलियान की 26 अगस्त को शामली में एक जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने उन्हें घेर लिया था और करीब 18 राउंड फायरिंग की थी।

हत्या की जांच के दौरान पुलिस को सत्याम कड़ियान, एक अन्य वांछित आरोपी आर्यन संधू और गोगी गैंग के नाम से जुड़े 20 से ज्यादा इंस्टाग्राम, स्नैपचैट और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स के बारे में जानकारी मिली है। 

पुलिस इन अकाउंट्स पर मौजूद वीडियो, तस्वीरों और स्टेटस अपडेट की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इनमें से कौन से अकाउंट वास्तविक हैं और उन्हें कौन संचालित कर रहा है।

जांच एजेंसियां इस एंगल से भी पड़ताल कर रही हैं कि हालिया धमकी भरे पोस्ट का मकसद बलियान के परिवार को डराना है या फिर जानबूझकर यह दिखाना है कि फरार आरोपी सत्याम कड़ियान अभी भी सक्रिय है।

कड़ियान और संधू पर एक-एक लाख रुपये का इनाम

सत्याम कड़ियान और आर्यन संधू दोनों की उम्र 20 साल के आसपास है और दोनों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित है। वहीं दोनों अभी फरार भी है। इसके अलावा मामले में आरोपी दो अन्य शूटरों की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी।

पुलिस की टीमें हरियाणा और पंजाब में लगातार दबिश दे रही हैं। करनाल, पानीपत और सोनीपत समेत कई इलाकों में आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके अलावा चंडीगढ़ एयरपोर्ट के जरिए आरोपियों की संभावित आवाजाही से जुड़े इनपुट की भी जांच की जा रही है।

वहीं पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आर्यन संधू का पासपोर्ट एक्सपायर हो चुका था और वह उसे रिन्यू कराने की कोशिश कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे मामले को सोशल मीडिया गतिविधियों, आरोपियों की संभावित लोकेशन और विदेश भागने की आशंका समेत कई एंगल से खंगाल रही है।

Updated on:
06 Sept 2026 01:22 pm
Published on:
06 Sept 2026 01:22 pm