23 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सऊदी में फंसे 4,000 भारतीय: इंडिगो ने 31 अक्टूबर तक रद्द कीं उड़ानें, परिजन बोले- फोन तक नहीं लग रहा, सरकार मदद करे

Saudi Arabia Flights Cancelled: सऊदी अरब और भारत के बीच उड़ानें रद्द होने की वजह से सऊदी अरब में मौजूद भारतीय उमराह यात्री वहां फंस गए हैं। इंडिगो ने रियाद के लिए 31 अक्टूबर तक और जेद्दा, दम्माम तथा मदीना के लिए 27 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Anand Shekhar

•

Updated: 23 Oct 2026, 2:25 PM IST

Saudi Arabia

मक्का (फोटो- विकिपीडिया)

Saudi Arabia Umrah Pilgrims: सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच चल रहे संघर्ष के कारण खाड़ी क्षेत्र में हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुई है। सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद भारत की प्रमुख निजी एयरलाइन इंडिगो ने सऊदी अरब के विभिन्न शहरों के लिए अपनी उड़ानों को रद्द करने की अवधि बढ़ा दी है। एयरलाइन द्वारा जारी ट्रैवल एडवाइजरी के अनुसार, रियाद आने-जाने वाली सभी उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी, जबकि जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए सेवाएं 27 अक्टूबर 2026 तक निलंबित कर दी गई हैं। उड़ानों के निलंबन के कारण लगभग 4000 भारतीय उमराह यात्री मक्का और मदीना में फंसे हुए हैं।

परिजन ने सरकार से लगाई गुहार

उड़ानों के रद्द होने से भारत में कई परिवार परेशान हैं। मुंबई के एक परिवार ने केंद्र सरकार से फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने की अपील की है। सऊदी गए हसीन अंसारी और उनकी पत्नी शरीफा बानो अंसारी के परिजनों ने बताया कि वे कई वर्षों की मन्नत और इंतजार के बाद उमराह यात्रा पर गए थे। परिजनों ने बताया कि सुबह से उन्हें मैसेज मिल रहे हैं कि एयरपोर्ट पर हमलों और सुरक्षा अलर्ट के बाद तमाम उड़ानें रोक दी गई हैं।

परिवार के अनुसार, यह दंपति पहले मदीना में था, लेकिन होटल खाली करने के लिए कहे जाने के बाद वे मक्का चले गए। अब उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया है, क्योंकि उनके फोन भी नहीं लग रहे हैं। दोनों पति-पत्नी सुनने और बोलने में असमर्थ हैं, जिस वजह से परिवार उनकी सुरक्षा को लेकर ज्यादा चिंतित है। उन्होंने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय से आग्रह किया है कि वहां फंसे सभी भारतीयों को वापस लाने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं।

इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी

इंडिगो एयरलाइंस ने कहा है कि उसके यात्रियों और क्रू सदस्यों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और कंपनी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के लगातार संपर्क में है। एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के समय दिए गए उनके फोन नंबरों और ईमेल के जरिए फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी दी जा रही है।

इसके अलावा, इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने फ्लाइट का लाइव स्टेटस जरूर चेक कर लें। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा और उनकी यात्रा योजनाओं में आई रुकावट के लिए खेद भी जताया है।

ओवैसी ने DGCA से की बड़े विमानों के परिचालन की मांग

वहीं, इससे पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस संबंध में केंद्र सरकार और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से हस्तक्षेप करने की अपील की थी। ओवैसी ने बताया कि लगभग 4,000 भारतीय तीर्थयात्री मक्का और मदीना में फंसे हुए हैं। वे इंडिगो, आकासा एयर और एयर इंडिया जैसी एयरलाइनों से गए थे, लेकिन इन एयरलाइनों द्वारा उड़ानें रद्द कर दिए जाने के कारण वे अब फंस गए हैं।

ओवैसी ने DGCA से आग्रह किया है कि वह इन एयरलाइनों को बड़े विमान चलाने की अनुमति दे, ताकि फंसे हुए तीर्थयात्रियों को जल्द से जल्द भारत वापस लाया जा सके। साथ ही, उन्होंने सरकार से यह भी कहा है कि वह उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए विशेष उड़ानों की व्यवस्था करे।

विदेश मंत्रालय ने दिया मदद का भरोसा

फंसे हुए भारतीय तीर्थयात्रियों को लेकर विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि भारत सरकार सऊदी अरब में मौजूद अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि रियाद में भारतीय दूतावास और जेद्दा में महावाणिज्य दूतावास तीर्थयात्रियों की जल्द वापसी के लिए संबंधित एयरलाइनों और टूर ऑपरेटरों के साथ लगातार संपर्क में हैं। दूतावास स्थानीय वालंटियर्स की मदद से तीर्थयात्रियों को हर संभव मदद भी दे रहे हैं और इसके लिए 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।