राष्ट्रीय

ओडिशा में रूस के दो नागरिकों की मौत बनी रहस्य, अब एक और रसियन भुवनेश्वर से लापता

ओडिशा में रूस के सांसद सहित दो नागरिकों की मौत के बाद अब एक और रूसी नागरिक लापता हो गया। इससे सनसनी फैल गई है। ओडिशा पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लेकिन पुलिस की जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में पुलिस अब इंटरपोल की मदद लेने की योजना बना रही है।

2 min read
Another Russian Critical of Putin Missing After Two Mysterious Deaths in Odisha

ओडिशा में रूस के सांसद सहित दो नागरिकों की रहस्यमयी मौत का राज अभी खुला भी नहीं है कि एक और नागरिक लापता हो गया। रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के आलोचक सहित दो नागरिकों की मौत के बाद अब तीसरे रूसी नागरिक के लापता होने से सनसनी फैल गई है। इधर ओडिशा पुलिस अब इस मामले की जांच के लिए इंटरपोल की मदद लेने की योजना बना रही है। पुतिन के आलोचक एंटोव पावेल सहित दो रूसियों की मौत के बाद शुक्रवार को एक और रूसी के लापता होने की जानकारी सामने आई। मिली जानकारी के अनुसार रूसी सांसद पावेल और एक अन्य रूसी नागरिक की मौत के बाद शुक्रवार को ओडिशा के रेलवे स्टेशन पर एक अन्य रूसी नागरिक को हाथों में पोस्टर लिए मदद मांगते देखा गया। उसने पोस्टर पर लिखा था वह रूसी शरणार्थी है, वह पुतिन के खिलाफ है। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वह रूसी नागरिक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई ट्रेस नहीं चल सका है।

भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन से रूसी नागरिक लापता

शुक्रवार को लापता हुए रूसी नागरिक के बारे में बताया गया कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध के खिलाफ था। उसके हाथों में जो तख्ती थी, उसपर लिखा था कि पुतिन को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को रोक देना चाहिए। करीब 60 वर्षीय रूसी नागरिक ने पोस्टर में लिखा था, 'मैं एक रूसी शरणार्थी हूं और बेघर हूं। मैं यूक्रेन युद्ध और पुतिन के खिलाफ हूं। कृपया मेरी मदद करें।' यात्रियों ने उसे भुवेश्वर रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफार्म पर देखा। लेकिन जब तक पुलिस पहुंचती, वह वहां से गायब हो गया।


CBI को सौंपी जा सकती है मामले की जांच


इधर ओडिशा क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को कहा कि वह रायगड़ा जिले में सांसद और पुतिन आलोचक एंटोव पावेल सहित दो रूसियों की मौत की जांच में इंटरपोल से मदद मांगने की योजना बना रही है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने कहा कि वे समन्वय के लिए CBI को स्थानांतरित करेंगे, जो भारत में इंटरपोल के राष्ट्रीय ब्यूरो के रूप में कार्य करती है।


पावेल से परिजनों से संपर्क साधने में इंटरपोल की चाहिए मदद


मीडिया से बात करते हुए क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने कहा कि हम सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं और रूस में पावेल के परिचितों के बारे में कुछ विवरणों को सत्यापित करने के लिए इंटरपोल से संपर्क करना है।' मालूम हो कि रूसी सांसद की मौत में जांच को लेकर पहले से ही पुलिस सवालों के घेरे में थी।


भुवनेश्वर के रेलवे पुलिस अधिकारी बोले- तलाश जारी


शुक्रवार को स्टेशन से लापता हुए रूसी नागरिक के बारे में भुवनेश्वर रेलवे पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक जयदेव बिस्वजीत ने कहा, 'कुछ यात्रियों ने रेलवे स्टेशन पर रूसी व्यक्ति की तस्वीरें लीं। हमारे पास उसकी तस्वीरें हैं और हम उसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

बिस्वजीत ने कहा, 'मैंने उसके बारे में पूछताछ की थी। जब वह कुछ समय पहले इसी तरह की तख्ती लिए हुए प्लेटफॉर्म पर घूम रहा था। मैंने उसके पासपोर्ट और वीजा की जांच भी की थी, जो कि वैध थे। फिलहाल हम उसका पता लगाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।'

यह भी पढ़ें - रूसी सांसद समेत दो नागरिकों की ओडिशा में मौत पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

Published on:
31 Dec 2022 01:34 pm
Also Read
View All