
Delhi MCD Election: दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग कल यानि की चार दिसंबर को होना है। इस मतदान की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान से ठीक पहले आज केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर हमला बोला है। राजधानी दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉफ्रेंस में अनुराग ठाकुर ने दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल पर मजदूरों के हक का पैसा खाने का आरोप लगाया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह दिल्ली का लालू मॉडल है। जितने भी आंकड़े सामने आए हैं उससे पता चला है कि फर्जी पते, मोबाइल नंबर, नाम पाए गए। यह पैसा किस की जेब में गया? अगर मजदूर, काम देने वाला, उनके पते, मोबाईल नंबर सब नकली थे तो पैसा किसने खाया केजरीवाल जी?
अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि दिल्ली में एक मजदूर के नाम पर 25 लोगों को नौकरी दी गई और एक मोबाइल नंबर पर 6 आवेदन पत्र भरवाए गए हैं। मजदूर कामगार कल्याण बोर्ड के नाम पर जो हजारों करोड़ पैसा जमा हुआ वह अरविंद केजरीवाल और उनके दोस्त लूट कर खा गए। यह क्या मजदूरों का हक भी खा गए।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में भ्रष्टाचार के नए मॉडल पेश किए। उनकी सरकार में शराब घोटाला हुआ। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने लूटने का काम किया है। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि जो मजदूर अपनी कमाई के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाते हैं, उनके पैसे भी अरविंद केजरीवाल खा गए।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के साथ अरविंद केजरीवाल के फोटो दिखाते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक ने चारा खाया, दूसरे ने मजदूरों का हक मारा। उन्होंने कहा कि बच्चों के क्लासरूम बनाने में भी घोटाला हुआ है। आम आदमी पार्टी ने सिर्फ पैसा लूटा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के नए नए मॉडल बनाए हैं।
मालूम हो कि दिल्ली में नगर निगम चुनाव के लिए रविवार को मतदान होना है। जबकि नतीजे 7 दिसंबर को आएंगे। मुख्य मुकाबला भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच माना जा रहा है। इस चुनाव के बीच दोनों दलों में आरोपों की बौछार जारी है। अनुराग ठाकुर से पहले भाजपा के प्रवक्ता सांबित पात्रा ने भी पीसी कर दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को शराब घोटाला में घेरा था।