
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा- हमने बार-बार देखा है कि कांग्रेस और कुछ विपक्षी पार्टियां भारतीय सेना या भारतीय पुलिस का अपमान करने से कभी नहीं हिचकिचातीं। उन्होंने एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी घटनाओं पर लगातार सवाल उठाए हैं और अक्सर हमारे विदेशी दुश्मनों जैसी बातें दोहराई हैं।
अनुराग ने कहा- दुर्भाग्य से, आज कांग्रेस नेता सदन के अंदर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं और बेबुनियाद आरोप लगाते हैं। ये हरकतें सदन की कार्यवाही और कामकाज के नियमों का उल्लंघन हैं।
राहुल के बारे में जिक्र करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा- मैंने इस बारे में एक औपचारिक नोटिस दिया है, जिसमें खास तौर पर लोकसभा के नियम 222 और 223 का जिक्र किया गया है, और स्पीकर से उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
अनुराग ने कहा- फिर भी, उनका व्यवहार देखिए: सदन के अंदर, राहुल गांधी देश के गृह मंत्री पर झूठे आरोप लगाते हैं। सदन के बाहर, राहुल गांधी मीडिया पर बीजेपी का समर्थक होने का आरोप लगाते हैं और देश की पुलिस फोर्स पर सवाल उठाते हैं।
उन्होंने आगे कहा- यह एक ऐसा परिवार और पार्टी है जो अहंकार में डूबी हुई है। 12 साल तक सत्ता से बाहर रहने के बावजूद, वे संवैधानिक संस्थाओं और यहां तक कि लोकसभा स्पीकर पर भी सवाल उठाते हैं और उन्हें बदनाम करते हैं।
भाजपा सांसद ने यह भी कहा कि राहुल असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करते हैं—'इडियट' (मूर्ख) कहते हैं—और खुद भी उतनी ही गैर-जिम्मेदाराना हरकतें करते हैं। ऐसा व्यवहार और तरीका दिखाता है कि यह परिवार अहंकार की भावना के साथ काम कर रहा है, और पार्टी को इसके नतीजे भुगतने पड़ रहे हैं।
बता दें कि अनुराग ठाकुर ने एक दिन पहले राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा में ब्रेक ऑफ प्रिविलेज और कंटेम्प्ट ऑफ हाउस का नोटिस दिया है। उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को यह नोटिस सौंपा है। अनुराग ठाकुर ने स्पीकर से जांच कराने और राहुल गांधी से अनकंडीशनल अपॉलजी (बिना शर्त माफी) मांगने की मांग की है।