
Punjab Politics: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की बुधवार को सीएम भगवंत मान के गृह जिले संगरूर में रैली आयोजित होगी। इसको लेकर बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने राहुल गांधी की रैली को लेकर तंज कसा है।
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी का पंजाब में स्वागत है। वे जहां भी कदम रखते हैं, वहां भाजपा की जीत सुनिश्चित हो जाती है।
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि दोनों दल राष्ट्रीय स्तर पर INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन उनकी विचारधाराएं अलग-अलग हैं। इन दलों के पास न तो कोई नेता है और न ही कोई स्पष्ट नीति। उनके इरादों पर भी सवाल उठते हैं।
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि यही वजह है कि दोनों पार्टियां राष्ट्रीय स्तर पर कुछ और कहती हैं, जबकि राज्यों में उनका रुख बिल्कुल अलग होता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या पंजाब में भी AAP और कांग्रेस के बीच गठबंधन होगा? फिलहाल इसकी संभावना नजर नहीं आती।
उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी दोनों दलों ने गठबंधन नहीं किया। वहीं, दिल्ली में भाजपा का विरोध करने के लिए दोनों पार्टियां साथ आती दिखाई देती हैं।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि AAP और कांग्रेस का रवैया लोकतंत्र और बीजेपी के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच वैचारिक स्पष्टता का अभाव है और वे अलग-अलग राज्यों में अलग राजनीतिक रणनीति अपनाते हैं।
बता दें कि पंजाब में 117 विधानसभा सीटें है। इन पर अगले साल विधानसभा चुनाव होंगे। इसको लेकर सभी राजनीतिक दलों द्वारा तैयारी तेज कर दी है। वहीं नेताओं का एक दल से दूसरे दल में जाने का भी सिलसिला शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। वहीं कांग्रेस ने भी अपना चुनाव प्रचार का शंखनाद करने की तैयारी कर ली है। इसको लेकर राहुल गांधी की बुधवार को रैली आयोजित होगी।