राष्ट्रीय

अब बहुत हो चुका, बांग्लादेश को लेकर कोई बहाना नहीं चलेगा’, हिंदुओं की हत्या का बदला लेने की अर्जुन सिंह ने दी चेतावनी

पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह के बांग्लादेश पर कब्जे वाले बयान से भारत-बांग्लादेश के बीच तनाव बढ़ने की चर्चा तेज हो गई है। वहीं, शेख हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश वापसी की खबरों पर भी विवाद गहरा गया है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 11:13 AM IST
India Bangladesh Tensions
बंगाल सीएम शुभेन्दु अधिकारी (बाएं) और मंत्री अर्जुन सिंह (Photo-IANS)

Arjun Singh Bangladesh Statement: पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह ने भारत और बांग्लादेश के बीच तनावपूर्ण संबंधों को लेकर बयान देकर नई बहस छेड़ दी है। मंत्री सिंह ने दावा किया कि 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर भारत कब्जा कर लेगा। इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या का बदला लेने की भी चेतावनी दी है। 

‘बांग्लादेश को लेकर नहीं चलेगा कोई बहाना’

भाटपाड़ा में मीडिया से बात करते हुए शुभेन्दु सरकार में मंत्री अर्जुन सिंह ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 16 दिसंबर तक हम बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे। अब बहुत हो चुका है। बांग्लादेश को लेकर कोई बहाना नहीं चलेगा। वहां हिंदुओं की जिस तरह हत्या की गई है, उसका बदला जरूर लिया जाएगा। इसमें कोई संदेह नहीं है।

बता दें कि बंगाल मंत्री अर्जुन सिंह का बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना की भारत से संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है।

हसीना की वापसी पर बांग्लादेश का सख्त रुख

वहीं बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर की शेख हसीना की वापसी को लेकर प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि शेख हसीना को देश लौटने की अनुमति तभी दी जाएगी, जब उन्हें प्रत्यर्पण के तहत गिरफ्तार कर हथकड़ी में लाया जाएगा और कड़ी निगरानी में रखा जाएगा।

कबीर ने 16 दिसंबर को हसीना की संभावित वापसी से जुड़ी खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि किसी की इच्छा और वास्तविकता में अंतर होता है।

उन्होंने कहा कि किसी आतंकवादी को प्रत्यर्पण प्रक्रिया के अलावा किसी अन्य तरीके से लौटने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वह कोई सामान्य व्यावसायिक विमान से यात्रा करने वाली यात्री नहीं हैं। उन्हें केवल हथकड़ी में और कड़ी निगरानी के बीच ही वापस लाया जा सकता है।

दिल्ली से ढाका लौटने की तैयारी में हैं शेख हसीना?

बता दें कि इससे पहले शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया था कि पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के अवसर पर दिल्ली से ढाका लौटने की योजना बना रही हैं। इसके लिए वह बांग्लादेश की राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से यात्रा करना चाहती हैं।

अली ने आधिकारिक बयान में कहा था कि शेख हसीना ने अपनी वापसी की यात्रा के लिए ढाका प्रशासन से जरूरी व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। उनके मुताबिक, 5 अगस्त 2024 को जिस बांग्लादेशी विमान से हसीना को भारत लाया गया था, अब वह उसी तरह की व्यवस्था के तहत दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं।

2024 में देश छोड़कर भारत आ गई थीं हसीना

शेख हसीना ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। 5 अगस्त 2024 को सरकारी नौकरियों में आरक्षण व्यवस्था के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन व्यापक सरकार विरोधी आंदोलन में बदल गया था। इसके बाद हसीना को सत्ता छोड़कर भारत आना पड़ा था।

बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उन्हें अनुपस्थिति में मृत्युदंड सुनाया है। हालांकि, हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है।

Updated on:
25 Nov 2026, 11:13 AM IST
Published on:
Also Read
View All
धनराज हत्याकांड: 10 साल बाद आया बड़ा फैसला, केरल में भाजपा-RSS के 3 कार्यकर्ताओं को उम्रकैद

तिरुपरंकुंद्रम दीपथून विवाद: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद पारंपरिक जगह जला कार्तिगई दीपम, मदुरै कलेक्टर ने मांगी माफी

कब शुरू होगा शीतकालीन सत्र? CPI सांसद ने उपराष्ट्रपति से की हस्तक्षेप की मांग, कहा- सरकार की सुविधा से नहीं चल सकती संसद

‘डायनासोर की वापसी हो सकती है, लेकिन उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की वापसी की संभावना न के बराबर’, शिवसेना नेता ने कसा तंज

अनंत सिंह की बेटी की शादी में थार जीतने पहुंचे 79 साल के बुजुर्ग, बोले- जीते तो शिवांगी को ही गिफ्ट करेंगे गाड़ी