दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाया है। क्या कहा केजरीवाल ने? आइए जानते हैं।
आम आदमी पार्टी - आप (Aam Aadmi Party - AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने गुरुवार को गुजरात (Gujarat) के जामनगर (Jamnagar) में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान केजरीवाल ने जमकर बीजेपी (BJP) पर निशाना साधा। केजरीवाल ने दावा किया कि बीजेपी के शासन में राज्य में कई सरकारी विभाग बहुत ज़्यादा भ्रष्ट हो गए हैं।
केजरीवाल ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा, "बीजेपी के 30 साल के शासन में भ्रष्टाचार काफी बढ़ गया है। बीजेपी गुजरात को लूट रही है। बीजेपी ने सब कुछ लूट लिया है, स्कूलों को बर्बाद कर दिया है, अस्पतालों को बर्बाद कर दिया है। इतना भ्रष्टाचार है कि किसी भी विभाग में बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं होता। बीजेपी ने गुजरात को बर्बाद कर दिया है।"
केजरीवाल ने आगे कहा, "बीजेपी और कांग्रेस (Congress) आपस में मिली हुई हैं। दोनों पार्टियों के नेताओं के साझा व्यापार हैं। कांग्रेस तो चाहती ही नहीं कि गुजरात में बीजेपी सत्ता छोड़े। 30 साल पहले एक समय था जब गुजरात देश का नंबर 1 राज्य था, लेकिन पिछले 30 सालों में बीजेपी ने गुजरात की स्थिति खराब कर दी है। बीजेपी और कांग्रेस मिलकर राज्य को कमज़ोर कर रही है।"
कुछ दिन पहले केजरीवाल ने शिवसेना - उद्धव गुट (Shivsena - UBT) के नेता संजय राउत (Sanjay Raut) द्वारा लिखी गई किताब अनलाइक्ली पैराडाइज़ (Unlikely Paradise) के विमोचन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम के दौरान भी केजरीवाल ने केंद्र सरकार और बीजेपी के ख़िलाफ जमकर बयानबाजी की। केजरीवाल ने कहा, "हर किसी को यह किताब पढ़नी चाहिए। केंद्र सरकार सभी बेईमान लोगों को अपनी पार्टी में शामिल कर लेती है और सभी ईमानदार लोगों को जेल में डाल देती है। जिस तरह से बीजेपी चुनाव आयोग (Election Commission) का दुरुपयोग करके चुनाव जीतती है, वो देश के लिए अच्छा नहीं है।" दिल्ली में हुए इस कार्यक्रम में कई राजनीतिक नेताओं ने हिस्सा लिया, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल (Kapil Sibal), मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh), अभिनेत्री और सांसद जया बच्चन (Jaya Bachchan) और तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ'ब्रायन (Derek O'Brien) शामिल थे।