
INDIA Alliance Meeting: दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले विपक्षी राजनीति को लेकर एक महत्वपूर्ण मुलाकात देखने को मिली, जहां आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान टीएमसी के वरिष्ठ नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे। इंडिया गठबंधन की बैठक से ममता बनर्जी रविवार को दिल्ली पहुंची। उसके बाद वो अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। जहां दोनों नेताओं की मुलाकात हुई।
आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी पहले भी कई मौकों पर एक-दूसरे के समर्थन में खड़े दिखाई दिए हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान केजरीवाल ने ममता बनर्जी के समर्थन में प्रचार किया था और भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकता की जरूरत पर जोर दिया था। चुनाव प्रचार में केजरीवाल ने टीएमसी के लिए वोट मांगे थे।
इस बैठक से पहले आप नेता संजय सिंह ने कहा है कि आप आदमी पार्टी इस गठबंधन में नहीं है। इसलिए उनका कुछ कहना सही नहीं होगा। आगे की रणनीति क्या होगी ये वो ही बता पाएंगे। वहीं एक और आप नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि कांग्रेस क्षेत्रीय और छोटे दलों को कमजोर करने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और भाजपा के बीच ऐसी राजनीतिक समझ दिखाई देती है, जिससे दोनों दल बारी-बारी से सत्ता में बने रह सकें। साथ ही उन्होंने इंडिया गठबंधन में शामिल दलों से इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने की अपील भी की।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि 23 पॉलिटिकल पार्टियों ने सोमवार 8 जून, 2026 को दोपहर 12 बजे नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली INDIA जनबंधन मीटिंग में शामिल होने की बात कन्फर्म की है। कुछ पार्टियों के नहीं आने पर उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियों ने अपने-अपने कारणों से इस खास मीटिंग में शामिल होने में अपनी असमर्थता जताई है। रमेश ने पोस्ट में यह भी कहा कि भारत की तरह, INDIA जनबंधन भी अपनी अलग-अलग तरह की बातों के बावजूद एकजुट खड़ा है।