
मानसून(एआई फोटो-चैट जीपीटी)
IMD Heavy Rain Warning: देश के कई राज्यों में बीते कुछ दिनों से जोरदार मानसूनी बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि सोमवार को देश के कई राज्यों में जोरदार बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रतिघंटा से ऊपर रहने की आशंका भी जताई है।
ओडिशा में आज यानि 27 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। कुछ जगहों पर तो अत्यंत भारी बारिश तक हो सकती है। राज्य सरकार ने सभी जिला प्रशासन से अलर्ट रहने को कहा है।
झारखंड में भी तेज बारिश का अलर्ट है, जबकि बिहार में हफ्ते भर बारिश की गतिविधि बढ़ने के आसार हैं। पश्चिम बंगाल के गंगा वाले इलाके, पहाड़ी हिस्से और सिक्किम में भी मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी दी है।
मध्य प्रदेश में स्ट्रॉन्ग मानसूनी सिस्टम के असर से एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में पूरे हफ्ते बारिश जारी रहने की संभावना है। यहां सबसे बड़ी चिंता लैंडस्लाइड यानी भूस्खलन की है। लगातार बारिश की वजह से नदियों का पानी अचानक बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को खतरा हो सकता है। प्रशासन ने पहाड़ी और नदी किनारे बसे इलाकों के लोगों से खासतौर पर सावधानी बरतने की अपील की है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सोमवार से बारिश की गतिविधि तेज होने की उम्मीद है। इन राज्यों के कई हिस्सों में हफ्ते भर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। राजस्थान और उत्तराखंड में तो बिजली गिरने और तेज आंधी की भी चेतावनी दी गई है।
Updated on:
27 Jul 2026 07:58 am
Published on:
27 Jul 2026 07:58 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
