25 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मौसम में सुधार के बाद फिर शुरू हुई अमरनाथ यात्राः बालटाल मार्ग से दर्शन को निकले श्रद्धालु, पहलगाम मार्ग अब भी बंद

Amarnath Yatra resumed: भारी बारिश और खराब मौसम के कारण छह दिनों तक स्थगित रहने के बाद अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू हो गई है। श्रद्धालुओं का जत्था जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से बालटाल मार्ग के जरिए रवाना हुआ, जबकि ट्रैक की खराब स्थिति के कारण पहलगाम मार्ग अभी भी बंद है। प्रशासन ने सुरक्षा के बीच यात्रा दोबारा शुरू की है। जानें, यात्रा मार्ग, डोडा में भारी बारिश और जम्मू-कश्मीर के ताजा हालात से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण अपडेट।
2 min read
Google source verification
Amarnath Yatra resumes via Baltal route after rain

छह दिनों तक स्थगित रहने के बाद शनिवार को अमरनाथ यात्रा फिर शुरू। (Photo- ANI)

Amarnath Yatra latest Update: भारी बारिश और खराब मौसम के कारण छह दिनों तक स्थगित रहने के बाद शनिवार को अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू हो गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं का जत्था जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ।शनिवार सुबह जम्मू बेस कैंप से श्रद्धालु रवाना हुए। श्रद्धालुओं का काफिला सफलतापूर्वक उधमपुर पार कर कश्मीर घाटी की ओर बढ़ गया। प्रशासन ने जम्मू से रवाना होने वाले श्रद्धालुओं को फिलहाल केवल बालटाल मार्ग से यात्रा की अनुमति दी है। वहीं, खराब मौसम और ट्रैक की खराब स्थिति के कारण पहलगाम मार्ग अभी भी बंद रखा गया है।

भारी बारिश के चलते यात्रा स्थगित

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 जुलाई को केंद्र शासित प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों से यात्रा को आधिकारिक रूप से स्थगित कर दिया था। अब छह दिनों बाद मौसम और जमीनी हालात की समीक्षा के पश्चात प्रशासन ने यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है।

57 दिनों की अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी। इसका समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा। हर वर्ष देशभर से हजारों श्रद्धालु दक्षिण कश्मीर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए इस यात्रा में शामिल होते हैं।

डोडा जिले में भारी बारिश

लगातार हो रही भारी बारिश के कारण डोडा जिले में डोडा–पुल डोडा रोड और पुल डोडा–घाट जीएमसी रोड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसके अलावा कई संपर्क मार्ग भी बाधित हो गए हैं।

डोडा के उपायुक्त कृष्ण लाल ने बताया कि जिले में नदियां और नाले उफान पर हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि नदी किनारे रहने वाले लोगों को जलस्तर बढ़ने के बाद सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि लगातार बारिश के कारण जिले की 56 आंतरिक सड़कें अभी भी बंद हैं। उन्हें बहाल करने का कार्य जारी है। उधर, झेलम नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में स्थित बगलिहार जलविद्युत परियोजना के बांध के कई गेट बढ़े हुए जलप्रवाह को नियंत्रित करने के लिए खोल दिए गए हैं।