राष्ट्रीय

परिसीमन पर ओवैसी की अगली रणनीति क्या होगी? विपक्ष के साथ जाएंगे या अलग राह चुनेंगे AIMIM प्रमुख

लोकसभा के विशेष सत्र में परिसीमन बिल को लेकर सियासी हलचल तेज है। ऐसे में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की भूमिका, उनकी रणनीति और परिसीमन के देश के संघीय ढांचे व अल्पसंख्यक राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों पर सबकी नजरें टिकी हैं।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 12:02 PM IST
AIMIM Stand on Delimitation Bill
परिसीमन बिल पर असदुद्दीन ओवैसी के रुख पर है सबकी नजर (Photo-IANS)

Asaduddin Owaisi on Delimitation Bill: लोक सभा का विशेष सत्र सोमवार से शुरू होने वाला है। इसी बीच परिसीमन को लेकर जारी सियासी बहस के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर अब सबकी नजर टिकी हुई है। दरअसल, डीएमके और एनसीपी (एसपी) के समर्थन देने से एनडीए दो-तिहाई बहुमत के करीब पहुंच गई है। लोक सभा में परिसीमन बिल पर मोदी सरकार और विपक्ष के लिए एक-एक वोट काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि AIMIM ने परिसीमन के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है, लेकिन फिर भी उनको लेकर सवाल खड़े हो रहे है। वहीं सांसद ओवैसी लगातार यह चिंता जाहिर करते रहे हैं कि परिसीमन का असर केवल लोक सभा सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे देश के संघीय ढांचे और विभिन्न समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर भी प्रभाव पड़ सकता है। 

परिसीमन आयोग की कार्यप्रणाली में बदलाव की मांग संभव

समाचार एजेंसी ANI ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी की रणनीति का एक अहम पहलू परिसीमन आयोग की संरचना और कार्यप्रणाली भी हो सकता है। इसमें आयोग की नियुक्ति, निर्णय प्रक्रिया, पारदर्शिता और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन के मानकों को लेकर संशोधनों की मांग उठाई जा सकती है। 

इसके अलावा सामाजिक और राजनीतिक रूप से पिछड़े वर्गों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए विशेष संवैधानिक प्रावधानों की मांग भी महत्वपूर्ण हो सकती है।

विपक्ष के साथ या अपनी अलग राजनीतिक पहचान?

परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच भी पूरी तरह एकराय नहीं है। कई विपक्षी दल केंद्र के प्रस्ताव पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन विरोध की रणनीति को लेकर उनके बीच मतभेद भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में ओवैसी के पास AIMIM की स्वतंत्र राजनीतिक पहचान को मजबूती से सामने रखने का अवसर हो सकता है।

हालांकि, उनके सामने चुनौती यह भी होगी कि मुस्लिम राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को देश के व्यापक संवैधानिक सवालों, संघवाद, चुनावी समानता और लोकतांत्रिक भागीदारी के साथ किस तरह जोड़ते हैं।

ओवैसी के सामने असली चुनौती क्या?

दरअसल, ओवैसी के लिए अब सवाल केवल केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन या विरोध करने का नहीं है। असली चुनौती एक ऐसा राजनीतिक रोडमैप पेश करने की है, जो अल्पसंख्यकों और अन्य वंचित समुदायों के हितों की रक्षा के साथ संसद में निष्पक्ष और समान प्रतिनिधित्व की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस सुझाव दे सके।

Updated on:
29 Nov 2026, 12:02 PM IST
Published on: