राष्ट्रीय

असम में नष्ट की गई 472 करोड़ की ड्रग्स, सीएम हिमंता बिस्वा सरमा बोले- किंगपिन का करेंगे पूरी तरह खात्मा

Assam drugs disposal: असम के नलबाड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कार्यक्रम में ₹472 करोड़ से अधिक मूल्य के जब्त नशीले पदार्थ नष्ट किए गए। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि ड्रग्स तस्करी रोकने के लिए खुफिया तंत्र और अंतरराज्यीय समन्वय को और मजबूत किया जाएगा।
2 min read
CM Himanta Biswa Sarma
हिमंता बिस्वा सरमा(फोटो-ANI)

Assam drugs disposal: असम के नलबाड़ी जिले के दौलासाल में 14वीं असम पुलिस बटालियन के मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में 472 करोड़ रुपये से ज्यादा की ड्रग्स नष्ट की गईं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा खुद मौजूद थे। उन्होंने कहा कि ड्रग सिंडिकेट को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस को अपनी इंटेलिजेंस क्षमताओं को और बेहतर बनाने की जरूरत है।

कार्यक्रम में पुलिस ने जब्त की गई ड्रग्स को आग लगाकर नष्ट किया। इस मौके पर CM हिमंता ने कहा कि यह सिर्फ एक कार्रवाई नहीं है, बल्कि राज्य को नशे के जाल से मुक्त करने की बड़ी लड़ाई का हिस्सा है।

मिलकर काम करते रहे तो रिजल्ट अच्छा होगा

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि अगर असम, मणिपुर, मिजोरम और पश्चिम बंगाल की सरकारें इसी तरह सतर्कता के साथ मिलकर काम करती रहीं, तो नशीले पदार्थों की तस्करी को पूरी तरह रोका जा सकता है और इसके मुख्य तस्करों और किंगपिन को जेल भेजा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के मामले में विपक्षी पार्टियां भी सरकार के साथ खड़ी नजर आ रही हैं, अगर पांच साल पहले ऐसा सहयोग मिला होता, तो आज राज्य के हालात कहीं बेहतर होते। उन्होंने जोर देकर कहा- मिलकर काम करने से नतीजे अच्छे आ रहे हैं।

युवाओं को नशे से बचाने की मुहिम तेज

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर युवा पीढ़ी पर पड़ रहे नशे के असर पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ड्रग्स न सिर्फ स्वास्थ्य बिगाड़ रही है बल्कि समाज को भी खोखला कर रही है।

पुलिस और सरकार मिलकर अब सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क को तोड़ने पर जोर दे रही है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छोटे-छोटे तस्करों के साथ-साथ बड़े खिलाड़ियों पर भी नजर रखी जाए।

असम पुलिस की बढ़ती सख्ती

पिछले कुछ समय से असम पुलिस ड्रग्स के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। कई बड़े स्मगलर पकड़े जा चुके हैं और उनकी संपत्ति भी जब्त की गई है। इस बार 472 करोड़ की ड्रग्स नष्ट करना इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है।

हिमंता बिस्वा सरमा का यह बयान साफ संकेत देता है कि असम सरकार नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं करेगी। राज्य में युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज को स्वस्थ बनाने की दिशा में यह कदम काफी अहम माना जा रहा है।

Updated on:
12 Jul 2026 02:20 pm
Published on:
12 Jul 2026 02:10 pm