
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा (Photo- ANI)
Pawan Khera: बिहार के जमुई और ओडिशा के ढेंकनाल जिलों में सार्वजनिक जगहों पर युवक-युवतियों के साथ बदसलूकी, मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस पार्टी ने इन दोनों राज्यों में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि BJP ने बिहार से लेकर ओडिशा तक पूरे देश में अराजकता फैला दी है और अपराधी बिना किसी डर के खुलेआम घूम रहे हैं।
पवन खेड़ा ने लिखा कि बिहार से लेकर ओडिशा और पूरे देश में बीजेपी ने अराजकता का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था का रिकॉर्ड इतना भयावह और शर्मनाक हो चुका है कि कोई भी राह चलता व्यक्ति आने-जाने वाले लोगों को बीच रास्ते में रोक सकता है, उनके साथ मारपीट और छेड़छाड़ कर सकता है और उन्हें जीवन भर के लिए मानसिक व शारीरिक जख्म दे सकता है।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि आज के समय में देश की संस्थागत और सामाजिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। अपराधियों और उपद्रवियों को अब कानून और पुलिस का कोई डर नहीं है, इसके बजाय वे बिना किसी खौफ के ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नागरिक सड़कों पर सुरक्षित ही नहीं हैं, तो फिर सरकार और प्रशासन की जवाबदेही कहां है।
गौरतलब है कि बिहार के जमुई में एक नाबालिग लड़के और लड़की को घेरकर उनके साथ मारपीट, बदसलूकी और छेड़छाड़ की गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसी तरह, ओडिशा के ढेंकनाल जिले में कपिलास रोड पर एक युवक और युवती के साथ कथित मारपीट और छेड़छाड़ का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। दोनों मामले तूल पकड़ चुके हैं और विपक्षी पार्टियां कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सत्ताधारी पार्टी पर लगातार हमला कर रही हैं।
Updated on:
22 Sept 2026 09:36 pm
Published on:
22 Sept 2026 09:36 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
