राष्ट्रीय

‘असम में हिमंता बिस्वा सरमा हारेंगे चुनाव, कांग्रेस गठबंधन जीत रही है’ अखिल गोगोई का सरकार बनाने का दावा

असम चुनाव में अखिल गोगोई ने कांग्रेस गठबंधन की 70 सीटों के साथ सरकार बनने का दावा किया। वहीं एग्जिट पोल में बीजेपी गठबंधन को बढ़त दिखाई गई है। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और एग्जिट पोल पर सवाल उठाए हैं। नतीजे 4 मई को सामने आएंगे।

2 min read
May 02, 2026
Akhil Gogoi(Image-ANI)

Assam Election 2026: असम में चुनावी नतीजों से पहले राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरम है। हर पार्टी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही है। इसी बीच रायजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई(Akhil Gogoi) ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी इस बार सत्ता में आएंगे और कम से कम 70 सीटें जीतेंगे। गोगोई ने साफ कहा कि उनकी तैयारी पूरी है और जनता इस बार बदलाव चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि बीजेपी के नेतृत्व वाला गठबंधन इस बार सत्ता से बाहर हो जाएगा।

ये भी पढ़ें

बंगाल चुनाव पर ममता बनर्जी का बड़ा दावा, ‘हम जीत रहे हैं और 200 से अधिक सीटों के अंतर से जीत रहे’

कांग्रेस का बड़ा गठबंधन


इस चुनाव में कांग्रेस ने छह दलों के साथ मिलकर मैदान में उतरने की रणनीति बनाई है। इस गठबंधन में रायजोर दल भी शामिल है। असम विधानसभा की कुल 126 सीटें हैं, ऐसे में बहुमत के लिए 64 सीटों की जरूरत होती है। गठबंधन को उम्मीद है कि यह एकजुटता उन्हें मजबूत बनाएगी और बीजेपी को कड़ी टक्कर देगी।

एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं


हालांकि, एग्जिट पोल की तस्वीर कुछ और ही कहानी बता रही है। ज्यादातर सर्वे में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को बढ़त दिखाई गई है। लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इन आंकड़ों को खारिज कर दिया है। डिसपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मीरा बोराठकुर गोस्वामी ने साफ कहा कि उन्हें एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतगणना के दौरान पूरी सतर्कता रखें और हर EVM पर नजर बनाए रखें। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बार जनता ने बीजेपी के खिलाफ वोट दिया है औरगौरव गोगोई मुख्यमंत्री बन सकते हैं।

चुनाव आयोग और बीजेपी पर सवाल


कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई ने चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर बीजेपी कार्यकर्ता स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर तक मौजूद थे, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए खतरा है और विपक्ष इस मुद्दे को लगातार उठा रहा है। गोगोई ने आरोप लगाया कि बीजेपी अपने काम के दम पर नहीं, बल्कि गलत तरीकों से चुनाव जीतना चाहती है।

एग्जिट पोल क्या कहते हैं?


अगर एग्जिट पोल की बात करें, तो उनमें बीजेपी गठबंधन की स्थिति मजबूत दिखाई गई है। कुछ सर्वे में एनडीए को 85 से लेकर 100 तक सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस गठबंधन को 25 से 36 सीटों के बीच बताया गया है। असम की राजनीति में असली तस्वीर 4 मई को सामने आएगी, जब वोटों की गिनती होगी। तब यह तय होगा कि जनता ने किसे सत्ता सौंपी है।

ये भी पढ़ें

असम में कांग्रेस का ‘प्लान-बी’ तैयार? गठबंधन सहयोगियों के साथ की बड़ी बैठक, एग्जिट पोल को नकारा
Updated on:
02 May 2026 06:46 pm
Published on:
02 May 2026 06:45 pm
Also Read
View All