
Assam STF GST Fraud Arrests: असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़े GST और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले के मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसको लेकर STF ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है। STF ने कहा कि ये गिरफ्तारियां पश्चिम बंगाल के कोलकाता में की गईं। इस दौरान आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
STF के मुताबिक, राज्य से बाहर की गई इन छापेमारी और तलाशी की कार्रवाई देशभर में सक्रिय GST फर्जीवाड़ा सिंडिकेट और फर्जी ITC का दावा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
एसटीएफ ने कहा कि इससे पहले भी लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 2 अगस्त को विवेक कुमार गुप्ता और सूरजीत बर्मन को कोलकाता के तिलजला इलाके से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 4 अगस्त को एक अन्य मुख्य आरोपी विनीत कुमार पोद्दार को कोलकाता के कैखाली इलाके से पकड़ा गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर गुवाहाटी लाया गया है। STF ने बताया कि विनीत कुमार पोद्दार और विवेक कुमार गुप्ता कोलकाता के रहने वाले हैं, जबकि असम के बाक्सा जिले के बारामा निवासी सूरजीत बर्मन गिरफ्तारी से बचने के लिए कोलकाता में छिपा हुआ था।
STF के अनुसार, इन तीन गिरफ्तारियों के साथ ही हाल में सामने आए फर्जी GST और ITC फर्जीवाड़े के मामलों में असम STF द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 12 हो गई है। मामले की जांच जारी है और कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले 25 जुलाई को असम STF ने धुबरी, चिरांग और बारपेटा जिला पुलिस के सहयोग से एक संयुक्त अभियान चलाया था। यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई थी। एजेंसी के मुताबिक, इनपुट पाकिस्तान स्थित कथित आतंकवादी-अपराधी नेटवर्क शाहजाद भट्टी नेटवर्क की गतिविधियों से जुड़े थे।
STF का आरोप है कि SBN देश के अलग-अलग हिस्सों में भर्ती, ऑनलाइन कट्टरपंथ, रेकी, लॉजिस्टिक्स, जासूसी, अवैध हथियारों की खरीद, स्लीपर सेल स्थापित करने और आतंकी गतिविधियों को मदद पहुंचाने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है।
जांच एजेंसी का यह भी दावा है कि शाहजाद भट्टी नेटवर्क कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निर्देशों पर पाकिस्तान स्थित हैंडलरों और एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन चैनलों के जरिए काम करता है। मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।