
राज्यसभा कार्यवाही(फोटो- X/LokSabhaSectt)
Rajya Sabha: राज्यसभा और लोकसभा में दोनों हिओ सदन में लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है। इस बीच राज्यसभा में गुरुवार को उस समय और तीखा हंगामा देखने को मिला, जब बीजेपी सांसद डॉ. अनिल सुखदेवराव बोंडे की टिप्पणी के बाद सत्ता पक्ष के सांसदों ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सदन में 'आतंकवादी कहां मिलेंगे… कांग्रेस के दफ्तर में' जैसे नारे लगे। इस पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए पलटवार किया और सरकार से सवाल पूछे।
राज्यसभा में चर्चा के दौरान महाराष्ट्र से बीजेपी सांसद डॉ. अनिल सुखदेवराव बोंडे ने 2014 से पहले के राजनीतिक माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लोग पूछते थे कि 'कोयला चोर, भ्रष्टाचारी और आतंकवादी कहां मिलेंगे?' जैसे ही उन्होंने यह सवाल उठाया, सत्ता पक्ष के कई सांसदों ने एक साथ नारा लगाया, 'कांग्रेस के दफ्तर में।'
इसके बाद बोंडे ने कहा, 'देशद्रोही कहां मिलेंगे, सैन्य विरोधी कहां मिलेंगे और किसान विरोधी कहां मिलेंगे?' इस पर भी सत्ता पक्ष के सांसदों ने जवाब में 'कांग्रेस के दफ्तर में' के नारे लगाए, जिससे सदन में शोर-शराबा बढ़ गया।
सदन में बढ़ते हंगामे और नारेबाजी के बीच राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने डॉ. बोंडे से कहा कि वे केवल चर्चा के विषय तक सीमित रहें और मुद्दे से न भटकें। उपसभापति ने स्पष्ट किया कि रिकॉर्ड में केवल विषय से संबंधित टिप्पणियां ही शामिल की जाएंगी। दोनों ही सदनों में लगातार हंगामा हो रहा है। पक्ष और विपक्ष दोनों एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। जिस कारण से दोनों सदनों की कार्यवाही लगातार प्रभावित हो रही है।
बीजेपी सांसदों की नारेबाजी पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि बीजेपी सांसदों का आरोप सही है तो सरकार बताए कि 2014 के बाद कांग्रेस कार्यालय से कितने आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया। इमरान मसूद ने कहा कि अगर सरकार ने ऐसे लोगों को गिरफ्तार नहीं किया, तो यह उसकी विफलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान केवल वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए दिए जा रहे हैं।
Updated on:
06 Aug 2026 05:59 pm
Published on:
06 Aug 2026 05:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
