
Tamil Nadu and Bengal Assembly Elections 2026: तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई हुई है। भारतीय चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2026 के तहत तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में अब तक 1,000 करोड़ रुपए से अधिक की जब्ती की गई है।
चुनाव आयोग ने 15 मार्च 2026 को असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की विधानसभाओं के आम चुनाव और उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किए थे। चुनाव की घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) लागू हो गई थी। आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में चुनाव आयोग लगातार कार्रवाई कर रहा है।
चुनाव आयोग के अनुसार, 26 फरवरी 2026 से 22 अप्रैल 2026 तक तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की गई कार्रवाई में कुल 1,072.13 करोड़ रुपए की जब्ती हुई है। इसमें नगद, शराब, मादक पदार्थ, कीमती धातु और अन्य मुफ्त वस्तुएं शामिल हैं। आयोग ने बताया कि राज्यवार आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 472.89 करोड़ रुपए और तमिलनाडु में 599.24 करोड़ रुपए की जब्ती दर्ज की गई है।
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने चुनाव वाले राज्यों/केंद्र शासित प्रदेश और उनके बॉर्डर वाले राज्यों/केंद्र शासित प्रदेश के मुख्य सचिव, मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), DGP और सीनियर ऑफिसर के साथ-साथ प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुख के साथ रिव्यू मीटिंग की हैं। ECI ने सभी अधिकारियों को हिंसा-मुक्त, धमकी-मुक्त और लालच-मुक्त चुनाव कराने का निर्देश दिया है।
भ्रष्टाचार एवं भय मुक्त चुनाव कराने के लिए ECI ने दोनों राज्यों में कुल 5,011 फ्लाइंग स्क्वाड टीमें (FST) तैनात की हैं। आयोग ने पश्चिम बंगाल में 2,728 और तमिलनाडु में 2,283 फ्लाइंग स्क्वाड टीमें तैनात की हैं। इसके अलावा अलग-अलग जगहों पर अचानक नाके लगाने के लिए 5,363 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। पश्चिम बंगाल में 3,142 और तमिलनाडु में 2,221 स्थैतिक निगरानी दल (SST) तैनात की गई हैं। चुनाव आयोग ने प्रवर्तन अधिकारी से जोर देकर कहा कि दिशा-निर्देशों को लागू करने के दौरान आम लोगों को कोई परेशानी न हो।
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में मतदान होगा। तमिलनाडु की सभी सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए 2 चरणों में मतदान होगा। बंगाल में 152 सीटों पर पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं, बंगाल में दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। वोटिंग के बाद 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।