Indians Settling Abroad: टीवी एक्ट्रेस अविका गौर पति मिलिंद चांदवाणी के साथ बैंकॉक शिफ्ट हो गई हैं। इसी बीच संसद के आंकड़ों में खुलासा हुआ है कि कोविड के बाद लाखों भारतीय विदेशों में बस रहे हैं और बड़ी संख्या में लोग भारतीय नागरिकता भी छोड़ रहे हैं।
Indian Citizenship Renunciation: टीवी शो ‘बालिका वधू’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली मशहूर एक्ट्रेस अविका गौर ने हाल ही में खुलासा किया कि वह अपने पति मिलिंद चांदवाणी के साथ बैंकॉक में परमानेंटली शिफ्ट हो गई हैं। दरअसल कोविड के बाद से देश छोड़ने वाले लोगों की संख्या लगाातर बढ़ रही है। इस बीच, संसद में इससे संबंधित आंकड़े भी पेश किए गए। आंकड़ों के अनुसार पिछले पांच सालों में करीब 10 लाख भारतीय अपनी नागरिकता छोड़ चुके हैं।
सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक, कोविड के बाद विदेश जाकर बसने वाले भारतीयों की संख्या तेजी से बढ़ी है। साल 2022 से हर साल 2 लाख से ज्यादा लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ी है। 2024 में 2.06 लाख, 2023 में 2.16 लाख और 2022 में 2.25 लाख भारतीयों ने अपनी नागरिकता छोड़ी। वहीं 2021 में यह संख्या 1.63 लाख थी।
आपको बता दें कि 2011 से 2024 तक कुल 20.6 लाख से ज्यादा भारतीय नागरिकता छोड़ चुके हैं और इनमें से लगभग आधे लोगों ने यह फैसला पिछले पांच सालों में लिया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बेहतर पढ़ाई, अच्छी हेल्थ सुविधाएं, ज्यादा नौकरी के मौके और सुरक्षित भविष्य की वजह से कई भारतीय विदेश जाना पसंद कर रहे हैं। वहीं भारत में ड्यूल सिटिजनशिप की सुविधा नहीं होने के कारण लंबे समय तक विदेश में रहने वाले लोगों को वहां की नागरिकता लेनी पड़ती है। इस मुद्दे पर संसद में विपक्षी नेताओं ने भी सरकार से सवाल किए हैं। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों का विदेश बसना देश के लिए चिंता की बात है। विपक्ष का कहना है कि सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य सुविधाओं में सुधार करने की जरूरत है ताकि लोग भारत में ही बेहतर भविष्य देख सकें।
अविका गौर ने बताया कि उन्होंने और उनके पति मिलिंद चांदवाणी ने साथ मिलकर बैंकॉक शिफ्ट होने का फैसला लिया। अविका के अनुसार वहां मिलिंद के लिए अच्छे मौके हैं और उनके लिए भी यह नया अनुभव काफी एक्साइटिंग है। उन्होंने बताया कि मिलिंद ने उन्हें हमेशा सपोर्ट किया है। ऐसे में वह मिलिंद को करियर में आगे बढञने से नहीं रोक सकती। साथ ही उन्होंने यह साफ कर दिया कि इंडिया में चल रहे उनके काम पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पहले भी मुंबई से बाहर अलग-अलग शहरों में शूटिंग करती थीं।
सिर्फ सेलिब्रिटीज ही नहीं, अब आम भारतीय भी बड़ी संख्या में विदेश जाकर काम कर रहे हैं। संसद में सरकार ने बताया कि विदेश में नौकरी करने वाले सेमी-स्किल्ड और अनस्किल्ड भारतीयों की संख्या पिछले तीन सालों में करीब तीन गुना बढ़ गई है। 2021 में लगभग 1.32 लाख लोगों को विदेश जाकर काम करने की मंजूरी मिली थी। वहीं 2023 में यह संख्या बढ़कर करीब 3.98 लाख पहुंच गई। इजराइल, यूएई, सऊदी अरब, कतर और कुवैत जैसे देशों में भारतीय वर्कर्स की मांग लगातार बढ़ रही है।