राष्ट्रीय

‘सत्ता हो या विपक्ष, किसी का अपमान ठीक नहीं’, ‘छात्रों की गूंज’ पर बाबा रामदेव ने कही बड़ी बात

Baba Ramdev on Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर योग गुरु बाबा रामदेव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चाहे सत्ता पक्ष हो या विपक्ष अथवा कोई भी विचारधारा, देश का संविधान और लोकतंत्र किसी का अपमान करने की इजाजत नहीं देता।
2 min read
Sep 20, 2026
Baba Ramdev
Baba Ramdev (Photo-ANI)

Baba Ramdev on Rahul Gandhi: नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर योग गुरु बाबा रामदेव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चाहे सत्ता पक्ष हो या विपक्ष अथवा कोई भी विचारधारा, देश का संविधान और लोकतंत्र किसी का अपमान करने की इजाजत नहीं देता। उन्होंने कहा कि सभी को शालीनता और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। बाबा रामदेव ने कहा कि देश में अलग-अलग विचारधाराओं और राजनीतिक दलों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के साथ उसकी राजनीतिक विचारधारा या राजनीतिक दल से जुड़े होने के आधार पर अपमानजनक व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री की मां का भी किया जिक्र

बाबा रामदेव ने कहा कि चाहे प्रधानमंत्री की मां हों या किसी और की मां, बहन या बेटी, सभी का समान सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आदिवासी समुदायों का सम्मान किया जाता है, उसी तरह ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य समुदायों के लिए भी सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला का सम्मान पुरुष के समान होना चाहिए और अशिक्षित व्यक्ति भी उतने ही सम्मान का हकदार है जितना एक शिक्षित व्यक्ति।

जाति, भाषा या राजनीतिक विचारधारा के आधार पर अपमान गलत

बाबा रामदेव ने कहा कि किसी व्यक्ति की त्वचा के रंग, भाषा, जाति, वर्ग या राजनीतिक संबद्धता के आधार पर उसका अपमान करना गलत है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष या विपक्ष से जुड़े होने के आधार पर भी किसी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने इस तरह के व्यवहार को अलोकतांत्रिक, असंवैधानिक, अमर्यादित और अमानवीय बताया। उन्होंने जोर दिया कि लोकतंत्र में अलग-अलग विचारधाराओं के प्रति सम्मान और सार्वजनिक जीवन में शालीनता बनाए रखना जरूरी है।

छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर भाजपा का हमला

भाजपा नेता आरपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री को लेकर कोई राजनीतिक बात करनी हो, जरूर करें। वे सरकार की नीतियों पर कोई टिप्पणी करना चाहते हैं, जरूर करें लेकिन किसी के परिवार पर टिप्पणी करना, जिस प्रकार के अपशब्द इस्तेमाल किए और जिस प्रकार का उपहास उड़ाया और वो भी एक स्टेज-मैनेज्ड इवेंट में।

हमारा कहना है कि वह पूरा इवेंट स्टेज मैनेज्ड था, उसमें एक-एक डायलॉग और एक-एक कैरेक्टर पहले से तय था। उसमें इस प्रकार से उपहास उड़ाया गया, जो ठीक नहीं है। यह दिखाता है कि कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन हो चला है और ये जो बार-बार कहते हैं न कि वोट चोरी, वोट चोरी -असल में वोट चोरी नहीं हुई, इनकी बुद्धि चोरी हो चुकी है।

भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी ने इस कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करते हुए जिस प्रकार की शर्मनाक टिप्पणियां की हैं। मैं समझता हूं कि उससे उनकी पार्टी को शर्मसार हो जाना चाहिए। इसलिए लोग उनको गंभीरता से नहीं लेते।

Updated on:
20 Sept 2026 06:23 pm
Published on:
20 Sept 2026 06:19 pm