
Eid Holiday: देश में ईदुल-उल-अजहा (बकरीद) के पावन अवसर पर मिलने वाली छुट्टियों को लेकर लोगों के बीच अक्सर असमंजस की स्थिति बनी रहती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही है। इस बार पश्चिम बंगाल और गुजरात जैसे राज्यों में छुट्टियों की तारीखों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। ध्यान रहे कि सरकारी अवकाश के कैलेंडर पहले से निर्धारित और प्रकाशित होते हैं, लेकिन जिलहिज्जा का चांद दिखने के दस दिन बाद ईद मनाई जाती है। यही वजह है कि पश्चिम बंगाल सरकार ने पहले से घोषित छुट्टियों के कैलेंडर में अचानक बदलाव करते हुए नई अधिसूचना जारी की है। आइए जानते हैं कि यह बदलाव क्यों किया गया है और अब किस राज्य में सरकारी दफ्तर किस दिन बंद रहेंगे।
त्योहारों की छुट्टियों में बदलाव के पीछे सबसे बड़ा कारण इस्लामी कैलेंडर का चांद पर आधारित होना है। किसी भी इस्लामी महीने की शुरुआत और त्योहार की तारीख चांद दिखने (रूहयत-ए-हिलाल) पर ही निर्भर करती है। ईदुल-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार इस्लामी कैलेंडर के आखिरी महीने 'जिलहिज्जा' की 10 तारीख को मनाया जाता है। राज्य और केंद्र सरकारें साल की शुरुआत में खगोलीय अनुमानों के आधार पर अपनी छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर देती हैं। लेकिन, जब असल में चांद दिखने की आधिकारिक घोषणा होती है, तो कई बार भौगोलिक स्थितियों के कारण तारीखों में एक या दो दिन का अंतर आ जाता है। चांद के दीदार के अनुसार सटीक तारीख तय होने के कारण ही पश्चिम बंगाल सरकार को अपनी पूर्व निर्धारित छुट्टियों में तकनीकी और व्यावहारिक रूप से यह संशोधन करना पड़ा है, ताकि लोगों को त्योहार वाले मुख्य दिन ही अवकाश मिल सके।
चांद की तारीखें स्पष्ट होने के बाद पश्चिम बंगाल की नई राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर छुट्टियों में बड़ा फेरबदल किया है। सरकार की ओर से जारी नए नोटिफिकेशन के अनुसार राज्य के हॉलिडे कैलेंडर में पहले बकरीद के लिए 26 और 27 मई (दो दिन) की छुट्टियां निर्धारित की गई थीं। नई व्यवस्था के तहत सरकार ने 26 और 27 मई की छुट्टियों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। अब पूरे राज्य में बकरीद के उपलक्ष्य में केवल 28 मई यानि गुरुवार को एक दिन का सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
रद्द किए गए दोनों दिन (26 और 27 मई) अब सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और बैंकों के लिए सामान्य कार्य दिवस माने जाएंगे। इन दिनों कामकाज सुचारू रूप से चलता रहेगा।
जहां पश्चिम बंगाल में छुट्टियों को लेकर नया आदेश जारी हुआ है, वहीं गुजरात में स्थिति पूरी तरह से साफ है। गुजरात सरकार की ओर से घोषित 2026 की सार्वजनिक अवकाश सूची में ईदुल-उल-अजहा के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है। गुजरात में बकरीद का अवकाश पहले से निर्धारित 27 मई को ही रहेगा। राज्य के सभी सरकारी निगम, बोर्ड, स्कूल और बैंक 27 मई को बंद रहेंगे और यहां हॉलिडे कैलेंडर में किसी प्रकार के संशोधन की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है।
इस बदलाव का सीधे तौर पर उन लोगों पर असर पड़ेगा जिन्होंने वीकेंड और त्योहार को मिला कर अपनी यात्राओं की प्लानिंग की थी। यदि आप पश्चिम बंगाल में रहते हैं और 26 या 27 मई को बैंक, पोस्ट ऑफिस या सरकारी दफ्तर से जुड़ा कोई काम टालने की सोच रहे थे, तो आपको अपना शेड्यूल बदलना होगा। अब इन दिनों दफ्तर खुले रहेंगे। लोगों को सलाह दी जाती है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए घर से निकलने से पहले अपने राज्य और संस्थान के स्थानीय अवकाश कैलेंडर की ताजा स्थिति जरूर चेक कर लें।