
Bankipur by Election: बिहार BJP अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "हमने बांकीपुर में लगातार विकास किया है। आगे भी बांकीपुर हमारी प्राथमिकता में रहेगा। बांकीपुर के लोग हमारे हैं। हम समीक्षा करेंगे कि हमें कम वोट क्यों मिले। उन्होने चुनाव जीतने वाले उम्मीदवार को अग्रिम बधाई दी है। हालांकि अभी तक बांकीपुर उपचुनाव के फाइनल नतीजे घोषित नहीं हुए हैं।
संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा ने बांकीपुर में विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य कराए, लेकिन इसके बावजूद पार्टी प्रत्याशी को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। उन्होंने इसे निराशाजनक बताते हुए कहा कि पार्टी कम वोट मिलने के कारणों की गहन समीक्षा करेगी और जहां भी कमियां होंगी, उन्हें दूर किया जाएगा। वहीं बांकीपुर उपचुनाव में अंतिम राउंड की मतगणना से पहले ही भाजपा के एजेंट मतगणना केंद्र को छोड़कर बाहर आ गए। मतगणना केंद्र पर मौजूद लोगों के अनुसार, भाजपा ने उपचुनाव में अघोषित तौर पर हार स्वीकार कर ली। हालांकि अभी तक उपचुनाव के नतीजों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार बीजेपी ने जीत का दावा किया था। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा था कि भाजपा उम्मीदवार भारी मतों से विजयी होंगे। उन्होंने यह भी दावा किया था कि "बांकीपुर सीट बीजेपी की थी, है और आगे भी रहेगी।"हालांकि, सोमवार को आए शुरुआती रुझानों में भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा बढ़त बनाने में सफल नहीं हो सके।
संजय सरावगी ने जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत किशोर पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर केवल बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। चुनाव के दौरान उन्होंने बाहरी लोगों को बुलाया, पैसे बांटे, मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की और आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि बाद में प्रशांत किशोर ने प्रशासन और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए तथा अपने कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का आरोप लगाया। सरावगी ने दावा किया था कि 1995 से बांकीपुर की जनता विकास और काम के आधार पर लगातार बीजेपी को समर्थन देती आ रही है।