राष्ट्रीय

बार कॉउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन मिश्रा के खिलाफ CJP का हल्ला बोल, गुरुवार सुबह 10 बजे विरोध प्रदर्शन का ऐलान

BCI अध्यक्ष मनन मिश्रा के इस्तीफे की मांग तेज, गुरुवार सुबह 10 बजे विरोध प्रदर्शन का ऐलान। जानें NALSAR छात्र विवाद से जुड़ा पूरा मामला...
2 min read
Aug 19, 2026
saurav das
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास (Photo-IANS)

BCI Chairman protest: कॉकरोच जनता पार्टी अब बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन मिश्रा के इस्तीफे की मांग पर अड़ गए हैं। CJP के कार्यकर्ता गुरुवार सुबह दस बजे BCI चेयरमैन मनन मिश्रा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।

लीगल कॉकरोचेस एकजुट: सौरव दास

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने एक्स पर लिखा कि ऐसा लगता है कि 'लीगल कॉकरोचेस' (Legal Cockroaches) एकजुट हो गए हैं और कल सुबह 10 बजे बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हुए उनके इस्तीफे की मांग करेंगे।

सौरव दास ने बताया कि यह विरोध-प्रदर्शन 'ऑल इंडिया यंग एडवोकेट्स एसोसिएशन' ने बुलाया है। उन्होंने कहा कि मैं किसी भी ऐसे शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन का समर्थन करता हूं जो जवाबदेही की मांग करता हो और पद पर रहते हुए आचरण के उच्च मानक तय करता हो। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित बॉम्बे बार एसोसिएशन ने भी आज मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग की है।

CJP ने क्यों खोला मोर्चा?

13 अगस्त को BCI ने अपने एक आदेश में NALSAR के 2026 बैच के छात्रों के वकील के तौर पर नामांकन पर रोक लगाने की बात कही थी। यह कार्रवाई छात्रों के उस अभियान के बाद हुई थी, जिसमें उन्होंने NALSAR के दीक्षांत समारोह में CJI सूर्यकांत की मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूदगी पर आपत्ति जताई थी।

15 अगस्त को मांगी थी माफी

नेशनल एकेडमी ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च (NALSAR) यूनिवर्सिटी के छात्रों से जुड़े विवाद के बीच बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा ने कानून छात्रों से माफी मांगी थी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लिखे पत्र में मिश्रा ने कहा कि अगर विवाद से जुड़े उनके किसी शब्द या पत्र से छात्रों की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है। उन्होंने कहा था कि माफी मांगना किसी प्रतिष्ठा या अहंकार का सवाल नहीं है। यह इस बात को स्वीकार करना है कि छात्रों की भावनाएं और उनकी चिंताएं मायने रखती हैं।

कौन हैं मनन मिश्रा ?

मनन मिश्रा बिहार के गोपालगंज के रहने वाले हैं। उन्होंने गोपालगंज सिविल कोर्ट से वकालत शुरू की। इसके बाद पटना हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचे। साल 1989 में वह बिहार स्टेट बार काउंसिल से जुड़े और 2010 में BCI में बिहार के प्रतिनिधि चुने गए। अप्रेल 2012 में पहली बार BCI चेयरमैन बने। कुछ समय के अंतराल के बाद नवंबर 2014 में उन्होंने दोबारा यह पद संभाला और तब से BCI में उनकी पकड़ लगातार मजबूत होती गई। मार्च 2025 में वह सातवीं बार इसके चेयरमैन चुने गए। वह बीजेपी से राज्यसभा सांसद भी हैं।

Updated on:
19 Aug 2026 09:33 pm
Published on:
19 Aug 2026 09:27 pm