14 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पत्रिका के कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सीएम साय ने किया सम्मानित

रायपुर में आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 में जुटे देशभर के ख्यातिप्राप्त कार्टूनिस्ट, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि 'कलाकार की दीर्घ साधना का सम्मान पूरी कला विधा का गौरव'
2 min read
Google source verification
Chhattisgarh

पत्रिका के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को कार्टून कला के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक, उत्कृष्ट और मौलिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। राजधानी रायपुर में 'कार्टूनवॉच' द्वारा आयोजित ‘कार्टून फेस्टिवल-2026’ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सीएम साय ने राजस्थान के जयपुर के कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को बधाई दी और कहा कि किसी भी कलाकार की अनवरत साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान होता है। इससे नई पीढ़ी के युवा रचनाकारों को लगन और संजीदगी से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री साय ने रेखांकित किया कि कार्टून केवल हास्य का साधन नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। उन्होंने कहा कि जो बात हजारों शब्दों में कहना कठिन होता है, उसे एक सधा हुआ कार्टून बड़ी गहराई और सरलता के साथ जनमानस तक पहुंचा देता है।

कार्टून फेस्टिवल का यह आयोजन कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूर्ण होने और 31वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में किया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी मुख्यमंत्री साय द्वारा किया गया।

समारोह में विशिष्ट अतिथि लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गंभीर और संवेदनशील विषयों को व्यंग्य के जरिए सहज रूप से समाज के सामने रखने में कार्टूनिस्टों की भूमिका अतुलनीय है। इस अवसर पर कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा सहित देशभर से आए प्रमुख कार्टूनिस्ट, साहित्यकार और कलाप्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

#में अब तक