Bengal Election 2026: पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े संशोधनों को गिराना टीएमसी और कांग्रेस की सोची-समझी चाल है।
PM Modi Rally: पश्चिम बंगाल के बिष्णुपुर में रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने टीएमसी और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने विपक्ष को महिला विरोधी भी बताया है और कहा कि आपने देखा संसद में क्या हुआ, महिलाओं के अधिकार वाले विधेयक को विपक्ष ने गिरा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक का विरोध कर महिलाओं के साथ साजिश की है।
बीजेपी की रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े संशोधनों को गिराना टीएमसी और कांग्रेस की सोची-समझी चाल है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की महिलाओं के साथ टीएमसी ने विश्वासघात किया है।
पीएम मोदी ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार को निर्मम सरकार बताते हुए कहा कि बंगाल में जो माहौल और जनसमर्थन दिख रहा है, वह सरकार के खिलाफ गुस्से का संकेत है। उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और विकसित भारत के निर्माण में बेटियों की बड़ी भूमिका चाहती है।
उन्होंने संसद का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को 33% आरक्षण देने की मांग लंबे समय से थी, जिसे उनकी सरकार ने पूरा किया, लेकिन टीएमसी और कांग्रेस नहीं चाहतीं कि ज्यादा महिलाएं विधायक और सांसद बनें, क्योंकि महिलाएं उनके महा जंगलराज को चुनौती दे रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर बंगाल में BJP की सरकार बनती है, तो महिलाओं को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। अगर किसी महिला के परिवार में किसी को किडनी की बीमारी है? तो उन्हें सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस भी मिलेगा। इसमें एक भी रुपया खर्च नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि बंगाल की बहनों को हर साल 36,000 रुपये मिलेंगे। गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये दिए जाएंगे। केंद्र सरकार भी बहनों को बच्चा होने पर उनकी बेटियों की पढ़ाई के लिए 5,000 रुपये देगी।
पीएम मोदी ने कहा कि मुद्रा स्कीम के तहत महिलाओं को सेल्फ़-एम्प्लॉयमेंट के लिए 20 लाख रुपये मिलेंगे। खेती से जुड़ी महिलाओं को सालाना 9,000 रुपये और मिलेंगे। BJP की डबल इंजन सरकार बंगाल की बहनों को डबल मैंडेट देने जा रही है।
इसके अलावा पीएम मोदी ने टीएमसी पर अवैध घुसपैठियों को फायदा पहुंचाने के लिए कानून तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण देकर संविधान की भावना को कमजोर किया जा रहा है।