
NEET UG पेपर लीक के बाद नया घोटाला(फोटो-IANS)
NEET 2026: नीट-यूजी परीक्षा पेपर लीक कांड के बाद अब रिफंड और री-नीट परीक्षा के नाम पर बड़े स्तर पर ठगी का खेल सामने आया है। साइबर क्राइम ब्रांच की टीमों ने राजस्थान व बिहार से तीन ठगों को गिरफ्तार किया है। इन ठगी के मामलों में अब तक 1650 से ज्यादा विद्यार्थियों-अभिभावकों को निशाना बनाया गया।
बिहार से गिरफ्तार आरोपी नवीन कुमार यादव ने एनटीए की वेबसाइट की सुरक्षा कमियों का फायदा उठाकर 150 विद्यार्थियों के रिफंड अमाउंट को अपने बैंक खाते में डायवर्ट कर लिया। इस घटना के सामने आने के बाद एनटीए ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सोमवार से रिफंड प्रक्रिया में टू-वे ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू कर दिया है। अब रिफंड राशि ट्रांसफर होने से पहले अतिरिक्त सिक्योरिटी चेक किए जाएंगे।
दूसरी बड़ी ठगी अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने पकड़ी है। री-नीट-यूजी परीक्षा पास कराने का झांसे देने वाले दो मुख्य आरोपियों में राजस्थान के सवाईमाधोपुर निवासी आकाश मीणा को कोटा व समेरसिंह मीणा को जयपुर से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इन दोनों ने 1500 से ज्यादा विद्यार्थियों और अभिभावकों से ऑनलाइन ठगी की और डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की राशि हड़प ली। अन्य आरोपियों की तलाश में देश के विभिन्न राज्यों में छापेमारी जारी है।
नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को सीबीआइ को तीन मुख्य आरोपियों मनीषा संजय वाघमारे, धनंजय निवृत्ति लोखंडे और शुभम मधुकर खैरनार से जेल में पूछताछ करने की अनुमति दे दी है। ये तीनों आरोपी पेपर लीक की मुख्य साजिश में शामिल थे। इन आरोपियों की पैसे लेकर 3 मई को हुई परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक करने और फैलाने में मुख्य भूमिका रही थी।
आपक बता दें नीट के री-एग्जाम में नए एडमिट कार्ड अनिवार्य हैं। 3 मई वाला पुराना एडमिट कार्ड 21 जून को मान्य नहीं होगा। परीक्षा केंद्र पर पुराने कार्ड के साथ पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एनटीए ने नीट यूजी 2026 री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड (हॉल टिकट) जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर नया एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।
Published on:
16 Jun 2026 04:35 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
