राष्ट्रीय

Bengal elections: ‘इतनी भीड़ मेरी गुजरात की रैलियों में भी नहीं आई’, बर्धमान में पीएम मोदी ने कहा यह बदलाव की झलक

Bengal elections: पश्चिम बंगाल चुनावी रैली में पीएम मोदी (PM Modi) ने भारी भीड़ को बदलाव का संकेत बताया। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, आयुष्मान भारत लागू करने और घुसपैठ पर सख्ती का वादा किया।
2 min read
Apr 11, 2026
PM Modi rally in Bardhaman
पीएम मोदी (फोटो- आईएएनएस)

Bengal elections: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक माहौल बेहद गर्म हो गया है और सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। सभी पार्टियों के स्टार प्रचारक एक के बाद एक रैली और सभाओं का आयोजन कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपने पक्ष में लाने की कोशिश कर रहे है। इन रैलियों के दौरान नेताओं के भाषण सुर्खियों में छाए रहते है। ऐसे ही एक बयान हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपनी रैली के दौरान दिया। पीएम ने कहा कि बंगाल में उनकी रैलियों में जितनी भीड़ और उत्साह दिख रहा है, वैसा उन्होंने अपने गृह राज्य गुजरात में भी पहले कभी नहीं देखा।

पीएम मोदी ने कहा यह सिर्फ ट्रेलर

पूर्वी बर्धमान जिले में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोपहर 12 बजे जैसे समय में इतनी बड़ी सभा जुटाना आसान नहीं होता, लेकिन बंगाल की जनता हर बार ऐसा कर दिखाती है। उन्होंने कहा कि यह उत्साह आने वाले चुनाव परिणामों का संकेत है और 4 मई को राज्य में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पीएम मोदी ने रैली में मौजूद लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि यह जनसैलाब सिर्फ एक ट्रेलर है, असली परिणाम अभी बाकी है।

TMC के खिलाफ व्हाइट पेपर जारी करेगी BJP

अपने भाषण में पीएम मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की संभावित सरकार बनने पर बड़े फैसलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो सबसे पहले पिछले 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शासन के दौरान हुए भ्रष्टाचार पर एक व्हाइट पेपर जारी किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता घबराए हुए हैं और जनता को भ्रमित कर रहे हैं कि भाजपा आने पर सरकारी योजनाएं बंद हो जाएंगी। पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा कि कोई भी कल्याणकारी योजना बंद नहीं होगी, बल्कि भ्रष्टाचार और लूट की व्यवस्था खत्म की जाएगी।

पहली बैठक में लागू होगी आयुष्मान भारत योजना

पीएम मोदी ने यह भी घोषणा की कि अगर भाजपा सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान भारत योजना को राज्य में लागू करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने लंबे समय तक जनता को इस योजना के लाभ से वंचित रखा है। इसके अलावा उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर भी सख्त रुख अपनाने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि केवल घुसपैठियों पर ही नहीं, बल्कि उन्हें फर्जी दस्तावेज दिलाकर बसाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
11 Apr 2026 02:29 pm
Published on:
11 Apr 2026 02:29 pm