राष्ट्रीय

20 लाख की धमकी… और बेंगलुरु के इंजीनियर ने दे दी जान, सुसाइड नोट में खुला मौत का राज़

बेंगलुरु में 45 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपने निर्माणाधीन मकान में फांसी लगाकर जान दी, सुसाइड नोट में हुआ मौत का खुलासा।
2 min read
Dec 04, 2025
Feature image
बेंगलुरु इंजीनियर ने की आत्महत्या (X- @baldwhiner)

बेंगलुरु में व्हाइटफील्ड के ब्रूकबॉन्ग लेआउट निवासी 45 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर मुरली गोविंदराजू ने बुधवार सुबह नल्लुरहलली में अपने निर्माणाधीन मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी दो नाबालिग बेटियां हैं। मुरली आईटीपीएल की एक निजी सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करते थे।

10 पन्नों का सुसाइड नोट में खुलासा

आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए मुरली ने 10 पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उन्होंने पड़ोसी शशि नांबियार (64), उनकी पत्नी उषा नांबियार (57) और कुछ GBA (पहले BBMP) अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शशि और उषा पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप

पुलिस ने शशि और उषा नांबियार को आत्महत्या के लिए उकसाने (BNS धारा 108) और ज़बरदस्ती वसूली (BNS धारा 308) के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दंपति का बेटा वरुण फरार है, उसकी तलाश जारी है।

इंजीनियर पर 20 लाख का दबाव

2018 में मुरली ने नांबियार दंपति के करीबी रिश्तेदार से 40×60 फीट का प्लॉट खरीदा था। जैसे ही निर्माण शुरू हुआ, नांबियार दंपति ने यह कहकर 20 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी कि प्लान में उल्लंघन है और वे इसे “दबा” देंगे। मना करने पर उषा नांबियार ने GBA में शिकायत कर दी, जिसके बाद अधिकारी बार-बार साइट पर आकर परेशान करने लगे। बुधवार को ही 20 लाख रुपये देने की “आखिरी तारीख” थी और उसी दिन GBA ने मुरली को नोटिस भेजकर तलब किया था। सुबह करीब 6 बजे मुरली घर से निकले और निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर फांसी लगा ली। मृतक की मां लक्ष्मी गोविंदराजू (61) ने व्हाइटफील्ड थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

जांच में उषा नांबियार के पुराने रिकॉर्ड आए सामने

जांच में पता चला है कि उषा नांबियार खुद को इलाके में एक्टिविस्ट बताकर नल्लुरहल्ली और आसपास के कई लोगों को इसी तरीके से परेशान कर ज़बरदस्ती वसूली की कोशिश कर चुकी हैं। वे बिल्डिंग प्लान उल्लंघन की शिकायत करती थीं, GBA अधिकारियों से कार्रवाई करवाती थीं और फिर केस वापस लेने के बदले मोटी रकम वसूलती थीं।

नांबियार दंपति के खिलाफ कई शिकायतें

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, इलाके के कई लोगों ने नांबियार दंपति के खिलाफ इसी तरह की शिकायतें की हैं। जो भी इनके द्वारा प्रताड़ित हुआ हो, वह बिना डरे पुलिस के पास आए और शिकायत दर्ज कराए। मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस अन्य पीड़ितों के बयान दर्ज कर रही है और GBA अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Updated on:
04 Dec 2025 11:09 am
Published on:
04 Dec 2025 11:09 am