28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Glasgow CWG 2026: ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स की सिल्वर मेडलिस्ट ज्ञानेश्वरी यादव को सीएम साय ने किया वीडियो कॉल

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी से कहा कि आपने देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है, आगे भी नई ऊंचाइयां हासिल करें...
2 min read
Google source verification
Glasgow CWG 2026

स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (Glasgow CWG) की वुमन वेटलिफ्टिंग 53 किलोग्राम वर्ग स्पर्धा में छत्तीसगढ़ की ज्ञानेश्वरी यादव ने भारत के लिए रजत पदक (Silver Medal) जीता। ज्ञानेश्वरी कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला भारोत्तोलक हैं।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 28 जुलाई को ज्ञानेश्वरी यादव को वीडियो कॉल (Video Call) किया और उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साय ने ज्ञानेश्वरी यादव से कहा कि यह सफलता वर्षों की कठिन साधना और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत (India) और छत्तीसगढ़ का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

मुख्यमंत्री साय (CM Vishnu Deo Sai) ने कहा कि आपसे प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी मुलाकात हुई थी और आज आपकी सफलता पर पुनः बात करके अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। आपने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आपकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों (Athletes) को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की प्रतिभाएं विश्व मंच पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव (Gyaneshwari Yadav) ने मुख्यमंत्री साय का आत्मीय स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और प्रदेशवासियों का स्नेह उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

बता दें कि राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस (Chhattisgarh Police) में सहायक उप निरीक्षक के रूप में सेवाएं दे रही हैं। खेल और सेवा दोनों क्षेत्रों में उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। राष्ट्रमंडल खेल (Commonwealth Games) 2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने भारत और छत्तीसगढ़ दोनों का मान बढ़ाया है।