
कर्नाटक में मूसलाधार बारिश के बाद बेंगलुरु शहर में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। क्या घर क्या सड़क हर जगह बस पानी-पानी है। स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है वहीं कई दफ्तरों ने वर्क फ्रॉम होम का आदेश दिया है। हालांकि इसके बाद भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। बाढ़ से जूझ रही सिलिकॉन सिटी के हालातों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने एक बैठक बुलाई। लेकिन ये बैठक सरकार के फैसलों से ज्यादा किसी और वजह से ही चर्चा की विषय बन गई है। दरअसल सीएम की बैठक के दौरान अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री गंभीरता से चर्चा कर रहे थे लेकिन राजस्व मंत्री आर अशोक गहरी नींद ले रहे थे। उनकी ये हरकत सीएम को भी भारी पड़ गई। क्योंकि बैठक और बैठक में मंत्री नींद का मुद्दा विरोधियों के हाथ लग गया। अब इस पर सियासत शुरू हो गई है।
कांग्रेस ने बैठक की तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी कर मजाक उड़ाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने राज्य के मंत्री आर अशोक की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि, वह बाढ़ पर हो रही मीटिंग के दौरान सो रहे थे।
कांग्रेस बोली- डूबने की कई प्रकार होते हैं, शहर बाढ़ में तो मंत्री नींद में
तस्वीरों में मंत्री को राज्य में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा बैठक के दौरान आंखें बंद करते देखा गया। कांग्रेस ने कन्नड़ भाषा में ट्वीट करते हुए लिखा, 'डूबने के कई प्रकार होते हैं! राज्य के लोग बारिश में डूबे हुए हैं। मंत्री नींद में डूबे हुए हैं! उनकी शानदार नींद। 'हलाल कट' मतलब वो जाग जाएंगे! क्या आपने मंत्री से कहा था कि 'जिसे कोई चिंता नहीं है वह हमेशा के लिए सोता है?'
यह भी पढ़ें - Bengaluru rain: बरसात से हजारों लोगों की जिंदगी बदहाल
देर रात सीएम ने किया दौरा
बेंगलुरु में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी अलर्ट जारी किया है। इससे पहले मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री बसवराज खुद सड़कों पर निरीक्षण करने निकले।
दरअसल भारी बारिश के कारण बेंगलुरु भीषण जलजमाव की चपेट में है, जिससे कई लोगों को अपने घर खाली करने पड़े हैं। सड़कों और गलियों से पानी भरने के कारण शहर में सन्नाटा पसरा हुआ है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाली आईटी कंपनियों के कई कर्मचारी ट्रैक्टर लेकर अपने दफ्तर पहुंच रहे हैं। वहीं सरकार ने स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से शहर, खासकर आईटी कॉरिडोर और मुख्य सड़कों पर अफरातफरी मच गई है।
यह भी पढ़ें - Schools Holiday: भारी बारिश बनी बच्चों के लिए अच्छी खबर, आज बंद रहेंगे स्कूल