
रांची के JSCA स्टेडियम में भगदड़(फोटो-IANS)
JSCA Stadium Ranchi: रांची के धुर्वा स्थित झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में झारखंड प्रीमियर लीग टी-20 के फाइनल मुकाबले के दौरान मंगलवार शाम अफरा-तफरी मच गई। भारी भीड़ और प्रवेश में देरी के बीच वेस्ट गेट के पास भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कई दर्शकों के घायल होने की सूचना है। इनमें से तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कुछ नाराज दर्शकों ने गेट और बैरिकेडिंग को भी नुकसान पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फाइनल मैच को लेकर दोपहर से ही बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचने लगे थे। मैच शुरू होने से पहले वेस्ट गेट पर भीड़ अचानक बढ़ गई और प्रवेश प्रक्रिया धीमी होने के कारण हालात बिगड़ गए।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, स्टेडियम में एंट्री के दौरान सुरक्षा जांच और प्रवेश प्रक्रिया में काफी समय लग रहा था। इसकी वजह से वेस्ट गेट पर लंबी कतारें लग गईं। इसी बीच पीछे से भीड़ का दबाव लगातार बढ़ता गया और गेट के पास धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते हालात ऐसे बने कि वहां भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। घटना में कई लोगों को चोटें आईं।
एंट्री में देरी और अव्यवस्था से नाराज कुछ दर्शकों ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान वेस्ट गेट और बैरिकेडिंग के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। बाद में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच की बात कही है और स्टेडियम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं, ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके और हालात पर नजर रखी जा सके।
Updated on:
24 Jun 2026 12:22 am
Published on:
24 Jun 2026 12:05 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
