राष्ट्रीय

‘शोर मचाया तो जान से मार दूंगा’, महिला के हाथ मेज से चिपकाए, मुंह में ठूंसा कपड़ा; बेंगलुरु लूट में बड़ा खुलासा

बेंगलुरु के इंदिरानगर में दिनदहाड़े लूट की वारदात में बदमाश ने महिला कर्मचारी के हाथ फेविक्विक से मेज पर चिपका दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर चाकू की नोक पर 4.5 लाख रुपए की सोने की चेन लूट ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2026, 4:37 PM IST
Bengaluru Robbery
Bengaluru Robbery: (Photo-X/@rajtweets10 )

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। इंदिरानगर इलाके में जूते और बैग रिपेयर करने वाली दुकान में घुसे एक बदमाश ने महिला कर्मचारी को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके हाथों पर फेविक्विक लगाकर उन्हें मेज से चिपका दिया और गले से करीब 4.5 लाख रुपए कीमत की सोने की मंगलसूत्र चेन लूट ली। वारदात 31 अक्टूबर की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 40 वर्षीय प्रभुराज उर्फ राज के रूप में हुई है। वारदात के दौरान उसने हेलमेट से अपना चेहरा और सिर ढक रखा था। उसने हाथों में दस्ताने भी पहन रखे थे, ताकि उसकी पहचान छिपी रहे।

कोई उसे मारने आ रहा है…शोर मचाया तो उन्हें जान से मार देगा

पुलिस ने बताया कि डोमलूर की रहने वाली जयश्री एस (23) पिछले तीन साल से इंदिरानगर की 100 फीट रोड स्थित प्रीमियम शू एंड बैग रिपेयर दुकान में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम कर रही हैं। 31 अक्टूबर को जयश्री सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलकर काम कर रही थीं। इसी दौरान हेलमेट और दस्ताने पहने एक व्यक्ति अचानक दुकान में आया। उसने रिसेप्शन काउंटर पार कर जयश्री की तरफ छलांग लगाई और उन्हें चुप रहने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि कोई उसे मारने आ रहा है और अगर उन्होंने शोर मचाया तो वह उन्हें जान से मार देगा। डर के कारण जयश्री ने दुकान मालिक रंजीत को फोन करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें जबरन कुर्सी पर बैठा दिया। उसने जयश्री का मुंह हाथों से बंद किया और बैग से चाकू निकाल लिया। इसके बाद उनके गले और हाथों पर चाकू से हमला किया।

फेविक्विक से मेज पर चिपकाए हाथ, मुंह में ठूंसा कपड़ा

आरोपी ने जयश्री के दोनों हाथों पर फेविक्विक लगाकर उन्हें मेज से चिपका दिया। इसके बाद मेज पर पड़ा कपड़ा उनके मुंह में ठूंस दिया, ताकि वह मदद के लिए आवाज न लगा सकें। फिर उसने उनके गले से करीब 35 ग्राम वजन की सोने की मंगलसूत्र चेन जबरन उतार ली। इसकी कीमत करीब 4.5 लाख रुपए बताई गई है।

लूट के बाद आरोपी दुकान से भागने लगा। इसी दौरान जयश्री किसी तरह अपने हाथ छुड़ाने में कामयाब रहीं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग दुकान की तरफ दौड़े। आरोपी ने जयश्री के बाल पकड़कर उन्हें वापस दुकान के अंदर खींच लिया और उनकी गर्दन पर चाकू रखकर बाहर मौजूद लोगों को रोकने की धमकी दी।

ऐसे पकड़ा गया आरोपी

इसी बीच दुकान मालिक रंजीत कुमार और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने चाकू लहराते हुए रंजीत पर हमला कर दिया। इसके बाद वह जयश्री को दुकान से बाहर खींचते हुए चोरी की चेन लेकर भागने लगा। मौके पर मौजूद लोगों और यातायात पुलिसकर्मियों ने आरोपी का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। जयश्री की शिकायत पर इंदिरानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रभुराज को गिरफ्तार कर लिया।

Updated on:
3 Nov 2026, 4:37 PM IST
Published on: