राष्ट्रीय

बेंगलुरु में दिल दहला देने वाला हादसा: स्कूल बस की टक्कर से दो वर्षीय वर्षा और चार वर्षीय भानु की दर्दनाक मौत

कर्नाटक के बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल बस की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई है।
2 min read
Feb 11, 2026
Bangalore accident, school bus collision
कर्नाटक सड़क हादसा: स्कूटर सवार दो मासूमों की दर्दनाक मौत (इमेज सोर्स: Representational एक्स वायरल)

कर्नाटक सड़क हादसा: कर्नाटक के बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। थानिसंद्रा इलाके में पुलिस क्वार्टर के पास एक स्कूल बस ने अचानक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिसमें सवार दो मासूम बच्चों- दो वर्षीय वर्षा और चार वर्षीय भानु की दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है, वह अपनी बेटी वर्षा और भतीजी भानु को दूध लेने ले जा रहे थे, तभी स्कूल बस ने उन्हें रौंद दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और चालक की लापरवाही पर सवाल उठने लगे। हेनूर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुए इस हादसे ने न सिर्फ परिवार की खुशियां छीन लीं बल्कि शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर एक गहरी बहस भी छेड़ दी।

पीड़ित नागनगौड़ा ने बताई आपबीती

नागनगौड़ा ने घटना का दर्द बयान करते हुए कहा, “मैं दूध लेने जा रहा था और लगभग 200 मीटर ही चला था। स्कूल बस को आते देख मैंने अपनी गाड़ी रोक दी ताकि वह आगे निकल सके। मुझे लगा कि ड्राइवर हमें देख लेगा, लेकिन उसने अचानक मेरी स्कूटर की तरफ मोड़ ली और टक्कर मार दी। अगर उसने गाड़ी धीमी करके रोक दी होती, तो हमारे दोनों बच्चे आज जिंदा होते।”

मामले पर स्थानीय पुलिस का क्या है कहना?

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय स्कूल का समय था और एक निजी स्कूल की बस विद्यार्थियों को लेने के लिए जा रही थी। बस को आता देख नागनगौड़ा ने उसे रास्ता देने के लिए अपना स्कूटर सड़क किनारे रोक दिया। इसी दौरान बस चालक ने कथित तौर पर यू-टर्न लेने की कोशिश की और रुके हुए स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े और बस का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया।

हादसे के तुरंत बाद घायल बच्चों को पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में नागनगौड़ा को मामूली चोटें आई हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक इससे पहले एक ऑटो रिक्शा से मामूली टक्कर में शामिल था और कथित रूप से लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस का कहना है कि चालक ने सड़क पर खड़े स्कूटर को नहीं देखा, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

वहीं घटना के बाद उत्तर डिवीजन के ट्रैफिक डीसीपी मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। हेनूर ट्रैफिक पुलिस ने स्कूल बस के चालक को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की जांच चल रही है। दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए येलाहांका सरकारी अस्पताल भेजे गए हैं। अस्पताल में बच्चों के परिवार वाले और रिश्तेदार बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए, जहाँ चारों तरफ दुख और मातम का माहौल था।

Updated on:
11 Feb 2026 11:22 pm
Published on:
11 Feb 2026 11:22 pm