
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके (फोटो-ANI)
Connaught Place Central Park: दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रहेगा। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने इस संबंध में नोटिस जारी किया है। नोटिस में पार्क बंद रखने की वजह प्रशासनिक बताई गई है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 16 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने का आह्वान किया है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लोगों से तिरंगा मार्च के बाद पार्क में पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की थी। हालांकि, NDMC के आदेश और मार्च को लेकर जारी पुलिस निर्देशों के बीच इस कार्यक्रम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
CJP ने लोगों से 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की है। संगठन की ओर से तिरंगा मार्च निकालने और इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराने की बात कही गई है। अभिजीत दीपके ने उन लोगों से भी अपने घर या शहर में तिरंगा फहराने की अपील की, जो दिल्ली नहीं पहुंच सकते। CJP ने यह आह्वान अपने दो साथियों आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी के विरोध में किया है।
दिल्ली पुलिस पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में CJP की प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को अनुमति नहीं देगी। पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा है कि संगठन के पिछले आचरण को देखते हुए नई दिल्ली जैसे संवेदनशील जिले में मार्च की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस इस कार्यक्रम को लेकर सतर्क है। हालांकि, NDMC के नोटिस में पार्क बंद करने की वजह प्रशासनिक बताई गई है।
मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर सुरक्षा घेरा तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने के मामले में आशुतोष रांका और सौरव दास को बुधवार को तिहाड़ जेल भेज दिया गया था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, संसद मार्ग के एसीएम कोर्ट ने जमानत की शर्तों के उल्लंघन के मामले में यह कार्रवाई की है। दोनों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद अभिजीत दीपके बुधवार दोपहर महाराष्ट्र से दिल्ली पहुंचे। इसके बाद उन्होंने राजनीतिक दलों के नेताओं और अधिवक्ताओं से चर्चा की और सोशल मीडिया के जरिए तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया।
Updated on:
15 Oct 2026 08:28 pm
Published on:
15 Oct 2026 08:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
