
Bhagwant Mann CBI Raid: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस और उनके OSD राजबीर सिंह घुमन के चंडीगढ़ स्थित आवास पर मंगलवार को CBI ने तलाशी ली। यह कार्रवाई पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश के एक दिन बाद हुई है, जिसमें मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच CBI को सौंपने का निर्देश दिया गया था।हाईकोर्ट ने CBI को इस मामले में आपराधिक केस दर्ज कर जांच करने और दो महीने के भीतर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था। कोर्ट ने पंजाब सरकार और राज्य पुलिस को जांच में केंद्रीय एजेंसी को पूरा सहयोग देने का भी निर्देश दिया था।
मामला प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से पंजाब के DGP को भेजे गए तीन पत्रों से जुड़ा है। ED ने इन पत्रों में पंजाब सरकार में कथित भ्रष्टाचार, सरकारी अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग, अनुकूल नीतियों और टेंडर से जुड़े मामलों में पैसों के लेन-देन के आरोप लगाए थे। ED की ओर से लगाए गए आरोपों में मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुमन का नाम भी शामिल था। एजेंसी ने आरोप लगाया था कि कुछ निजी लोग सरकारी फैसलों को प्रभावित करने के लिए बिचौलियों की भूमिका निभा रहे थे। इन आरोपों में ट्रांसफर-पोस्टिंग के अलावा सरकारी दस्तावेजों तक पहुंच और दूसरे सरकारी कामों को प्रभावित करने जैसे दावे भी शामिल थे।
इस मामले में वकील निखिल सराफ ने जनहित याचिका दाखिल की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि ED की ओर से पंजाब पुलिस को जानकारी दिए जाने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की गई। मामले की सुनवाई करते हुए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा और जस्टिस रोहित कपूर की पीठ ने CBI को जांच करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने CBI को दो महीने में रिपोर्ट देने को कहा है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद पंजाब सरकार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। सरकार ने CBI जांच के आदेश को चुनौती देते हुए स्पेशल लीव पिटीशन (SLP) दाखिल की है। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट के मुताबिक, यह याचिका मंगलवार तड़के करीब 1:42 बजे दाखिल की गई।
CBI की कार्रवाई पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी पंजाब में आगामी चुनावों को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। मान ने कहा कि उनके कैंप ऑफिस पर CBI की रेड के बाद पंजाब में ED और CBI का इस्तेमाल पंजाब सरकार और उन्हें बदनाम करने के लिए किया जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब की जनता से मिल रहे समर्थन को लेकर बीजेपी परेशान है।