
BJP Nasha Mukt Punjab Yatra: पंजाब में नशे का मुद्दा पिछले कुछ समय से सियासत के केंद्र में है। BJP ने ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के जरिए सरकार को घेरा है। वहीं कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला है।
बता दें बीजेपी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ (BJP Nasha Mukt Punjab Yatra) चार चरणों में राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने की योजना के साथ आगे बढ़ रही है। यात्रा करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय कर रही है। BJP नेताओं का कहना है कि इसका मकसद पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ जनजागरूकता और अभियान को मजबूत करना है।
बठिंडा में BJP पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी ड्रग्स के खिलाफ पक्के इरादे के साथ मार्च (BJP Nasha Mukt Punjab Yatra) कर रही है। उन्होंने मान सरकार के पुराने दावों और पंजाब में नशे की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। BJP का आरोप है कि सरकार नशे के संकट को रोकने में पर्याप्त प्रभावी नहीं रही। हालांकि, BJP इस यात्रा को सामाजिक अभियान बता रही है, जबकि राजनीतिक विरोधी इसे चुनावी राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं।
वहीं इस बीच एक और बड़ी अपडेट सामने आई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब BJP अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के साथ तलवंडी साबो में नशे से प्रभावित परिवारों से मिले।
कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाए। चन्नी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई के लिए इच्छाशक्ति, माफिया से मुकाबला करने की क्षमता और प्रशासनिक स्किल जरूरी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान में स्किल की कमी है। चन्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन राज्य चलाने के लिए अलग तरह के प्रशासनिक स्किल की जरूरत होती है।
दूसरी तरफ भगवंत मान सरकार का कहना है कि नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्यमंत्री ने हाल में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान की समीक्षा की और पुलिस को ड्रग सप्लायर, तस्करों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं।