
भुवनेश्वर। बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला यात्री ने फ्लाइट कैंसिल होने से नाराज होकर जमकर हंगामा किया और एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इंडिगो की कोलकाता जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण हुई देरी और बाद में उड़ान रद्द होने से भड़की महिला ने कथित तौर डिपार्चर लाउंज में रखे डिजिटल उपकरणों को तोड़ दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट प्राधिकरण ने महिला यात्री के खिलाफ एयरफील्ड थाना पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पूरे घटनाक्रम का 2 मिनट 15 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला यात्री की पहचान मामोनी खरात के रूप में हुई है। उन्हें इंडिगो की फ्लाइट 6E 7352 से कोलकाता जाना था। गुरुवार शाम करीब 6 बजे जब फ्लाइट रद्द होने की घोषणा हुई तो महिला आपा खो बैठीं। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, इंडिगो और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों की मौजूदगी में महिला ने जमकर हंगामा किया।
आरोप है कि महिला ने काउंटर पर रखा मॉनिटर, की-बोर्ड और पासपोर्ट स्वाइप करने वाली मशीन पटककर तोड़ दी, जिससे लगभग 49,000 रुपए का नुकसान हुआ है। महिला का कहना था कि उसे घूमने या किसी सामान्य काम के लिए यात्रा नहीं करनी थी, बल्कि उसके बच्चों के इलाज से जुड़ा जरूरी काम था। उधर, एयरपोर्ट प्रशासन ने पुलिस से मामले में कानूनी कार्रवाई करने और महिला से क्षतिग्रस्त उपकरणों के हर्जाने की राशि वसूलने का आग्रह किया है।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सफेद रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहने एक महिला कन्वेयर बेल्ट पर चढ़कर एयरलाइन स्टाफ के बीच तीखी बहस करती नजर आ रही हैं। जब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान महिला को समझाने की कोशिश करते हैं, तो कोई फायदा नहीं होता। इसके बाद अधिकारी उन्हें चेतावनी देते हुए कहते हैं कि वे एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं।