
BJP MLA Vinay Bihari Protest: बिहार में भाजपा के वरिष्ठ विधायक विनय बिहारी मंगलवार को बेतिया के कलेक्ट्रेट परिसर में अपनी ही सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए। लौरिया-योगपट्टी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले विनय बिहारी ने जमीन पर गमछा बिछाकर अपना विरोध शुरू किया और कहा कि जब तक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व्यक्तिगत रूप से मौके पर नहीं आएंगे, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे। विधायक का आरोप है कि बाढ़ राहत वितरण को लेकर जिला प्रशासन की मनमानी चरम पर है और पीड़ितों तक जरूरी मदद नहीं पहुंच पा रही है।
कलेक्ट्रेट में धरना देते हुए विधायक विनय बिहारी ने स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिले में प्रशासनिक अधिकारियों की मनमानी इतनी बढ़ गई है कि जनता की जायज चिंताओं को उठाने के लिए एक चुने हुए प्रतिनिधि को भी जमीन पर गमछा बिछाकर धरने पर बैठना पड़ रहा है। विधायक ने बताया कि क्षेत्र में कई बाढ़ प्रभावित इलाके ऐसे हैं जहां अभी तक बुनियादी राहत सामग्री भी नहीं पहुंची है और लोग बेहाल हैं।
विधायक विनय बिहारी ने मांग की कि बाढ़ संकट से जूझ रहे हर परिवार को तुरंत पर्याप्त मात्रा में पॉलीथीन शीट, सूखा राशन और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि कुछ चुनिंदा इलाकों में थोड़ी-बहुत राहत सामग्री पहुंची है, लेकिन कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ऐसे हैं जहां लोग अभी भी भोजन और आश्रय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। विनय बिहारी ने कहा कि विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक पीड़ितों को उनका पूरा हक नहीं मिल जाता और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व्यक्तिगत रूप से इस मामले में दखल नहीं देते।
बीजेपी विधायक के धरने पर प्रतिक्रिया देते हुए जन सुराज के मुख्य प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने कहा कि प्रशासन की मनमानी के कारण पश्चिमी चंपारण के लौरिया-योगपट्टी विधानसभा क्षेत्र से सत्ताधारी पार्टी के विधायक विनय बिहारी को कलेक्ट्रेट में ज़मीन पर गमछा बिछाकर धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा, "अगर सरकार खुद अपने ही विधायकों, सांसदों और एमएलसी की बात नहीं सुनती, तो इस राज्य में आम लोगों की गुहार कौन सुनेगा? आज बिहार का प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है और पूरा राज्य भगवान भरोसे चल रहा है।"