
Bihar Daroga Candidates Protest: पटना में 1,799 पदों वाली बिहार दरोगा (Bihar Daroga/SI) भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के खिलाफ सफल अभ्यर्थियों ने गुरूवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी गांधी मैदान (गेट नंबर-10) से शुरू होकर जेपी गोलंबर, डाकबंगला चौराहा और इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए मुख्यमंत्री आवास (लोक सेवक आवास) की ओर बढ़े। जेपी गोलंबर और डाकबंगला चौराहे पर पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को अभ्यर्थियों ने तोड़ दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
बिहार पुलिस सेवा आयोग (BPSSC) ने 23 सिंतबर 2026 को 1799 पदों पर नियुक्ति के लिए हुई मुख्य लिखित परीक्षा को अचानक रद्द करने का ऐलान किया था। आयोग ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति ने कहा, '27 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से रद्द किया जाता है।
दरोगा भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने आयोग से मुख्य परीक्षा रद्द करने के फैसले को तुरंत वापस लेने, जल्द से जल्द शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की तारीख घोषित करने की मांग की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा पास करने के बाद अचानक परीक्षा रद्द करने से उनकी महीनों की मेहनत और भविष्य पर संकट आ गया है।
अभ्यर्थी गांधी मैदान से निकलकर जेपी गोलंबर पहुंचे तो प्रशासन ने बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की। अभ्यर्थियों ने भारी पुलिस जाब्ता तैनात होने के बावजूद बैरिकेडिंग तोड़ दी और जेपी गोलंबर से डाकबंगला की ओर बढ़ गए। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने इन्हें फिर रोकने की कोशिश की। कुछ अभ्यर्थी सड़क पर लेट गए, जिन्हें पुलिस ने घसीटकर उठाया और डिटेन किया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वाटर कैनन से पानी की बौछारें कर रोकने का प्रयास किया।
प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से हुई, जहां दरोगा के सफल अभ्यर्थी लोक सेवक आवास घेरने निकले थे। हालांकि प्रशासन ने इन्हें डाकबंगला पर रोका, वहां से 5 अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल आयोग से बात करने गया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले 1 महीने से गर्दनीबाग धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी बात नहीं सुनी गई है।