राष्ट्रीय

Bihar Election 2025 Phase 1 Voting: 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग आज, 9 बाहुबली मैदान में

Bihar Election 2025 Phase 1 Voting: पहले चरण का मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। आज 121 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। 9 बाहुबली पहले चरण में चुनावी मैदान में हैं।
2 min read
Nov 06, 2025
रीतलाल यादव और अनंत सिंह
रीतलाल यादव और अनंत सिंह

Bihar Elections:बिहार के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग होगी। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। पहले चरण में 9 बाहुबली मैदान में हैं। दुलारचंद यादव की हत्या के बाद मोकामा की सीट सबसे हॉट सीट बन गई है। यहां से दो बाहुबली आमने-सामने हैं। मोकामा से जदयू की टिकट पर अनंत और राजद की टिकट पर बाहुबली सूरजभान की पत्नी वीणा देवी चुनाव लड़ रही हैं।

दानापुर से रीतलाल यादव

दानापुर से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव के खिलाफ राजद ने बाहुबली रीतलाल यादव को चुनावी मैदान में उतारा है। रीतलाल यादव भाजपा नेता सत्यनारायण सिन्हा की हत्या के मामले में आरोपी थे। वह अभी 50 लाख रुपए रंगदारी मांगने के आरोप में जेल में बंद हैं।

लालगंज से मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी

लालगंज की सीट पर बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला राजद की उम्मीदवार हैं। इस सीट से मुन्ना शुक्ला और उनकी पत्नी अनु शुक्ला भी विधायक रह चुकी हैं। राजद ने रघुनाथपुर सीट से ओसामा शहाब को टिकट दिया है। ओसामा के दिवंगत पिता शहाबुद्दीन बाहुबली और पूर्व सांसद रह चुके हैं। ओसामा की मां हिना शहाब ने 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार मिली थी। ओसामा के खिलाफ JDU ने विकास कुमार सिंह को मैदान में उतारा है।

ब्रह्मपुर से हुलास पांडेय

ब्रह्मपुर सीट से लोजपा (रामविलास) की टिकट पर हुलास पांडेय चुनाव लड़ रहे हैं। हुलास बाहुबली सुनील पांडेय के भाई हैं। इससे पहले हुलास पांडे 2020 में ब्रह्मपुर से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। हुलास पांडे पर रणवीर सेना प्रमुख ब्रह्मेश्वर मुखिया की हत्या का भी आरोप है। जदयू ने मांझी सीट से रणधीर सिंह को टिकट दिया है। रणधीर सिंह बाहुबली प्रभुनाथ सिंह के बेटे हैं। सांसद भी रहे चुके प्रभुनाथ सिंह फिलहाल मसरख के तत्कालीन MLA अशोक सिंह की हत्याकांड के मामले जेल में सजा काट रहे हैं।

Updated on:
06 Nov 2025 06:31 am
Published on:
06 Nov 2025 06:23 am